सरकाघाट कांग्रेस की राजनीति में उबाल

By: Nov 22nd, 2017 12:01 am

रंगीलाराम राव कैंप ने खोला प्रत्याशी के खिलाफ मोर्चा

 मंडी, सरकाघाट  — सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों के निलंबन की कार्रवाई के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस की राजनीति में और उबाल आ गया है। सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस में अब पूर्व मंत्री रंगीलाराम राव की टीम ने कांग्रेस प्रत्याशी पवन ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार रंगीलाराम राव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष योगराज ठाकुर, मंडी संसदीय युवा उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, अर्जुन कौंडल, ब्लॉक युवा अध्यक्ष अखिल गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष सुनील चड्डा, रमेश जसवाल, ब्लॉक महिला अध्यक्ष उषा शर्मा व महामंत्री रोशन लाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में कांगे्रस प्रत्याशी पवन ठाकुर नॉमिनेटिड अध्यक्ष के माध्यम से सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र को कांग्रेस मुक्त बनाने में डटे हुए हैं। उक्त नेताओं ने कहा कि पवन ठाकुर ने पिछले  दो विधानसभा चुनावों में पार्टी के विरुद्ध डटकर काम किया है और पिछले सात वर्षों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की एक बैठक में शामिल नहीं हुए, न ही विधानसभा क्षेत्र में कोई पार्टी संबंधित कार्य किया। उक्त नेताओं ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी के कई रिश्तेदार भाजपा में पूर्व समय में शामिल हुए हैं। पिछले चुनावों में इसी के चलते कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था और उस समय ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पवन ठाकुर के खिलाफ भी पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम करने का प्रस्ताव पारित किया था। राव समर्थकों ने कहा कि निष्ठावान कांग्रेसियों पर नॉमिनेटिड ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा कार्रवाई की जा रही है, जबकि हैरानी की बात तो यह है कि अभी तक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का गठन भी नहीं हुआ है। उक्त नेताओं ने कहा कि बहुत जल्द कांगे्रस का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से मिलेगा और सारी स्थिति से अवगत करवाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App