सरकाघाट भाजपा से दो पदाधिकारियों को निकालने का प्रस्ताव

By: Nov 12th, 2017 12:01 am

सरकाघाट— विधानसभा चुनाव परिणाम आने में हालांकि अभी काफी समय है, लेकिन उससे पहले पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो गया है। इसकी शुरूआत मंडी जिला से सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र से हुई है। सरकाघाट भाजपा ने अपने दो पदाधिकारियों को पार्टी से निकालने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। इस प्रस्ताव में भाजपा के संगठनात्मक जिला सुंदरनगर से किसान मोर्चा के महामंत्री राजेंद्र भुट्टो और सरकाघाट मंडल से भाजपा उपाध्यक्ष सुदेश कुमार चंदेल को पार्टी से निकालने पुर मुहर लगाई है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला पार्टी हाइकमान द्वारा ही लिया जाना है। जानकारी के अनुसार इन दोनों पदाधिकारियों पर पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव के दौरान काम करने का आरोप लगाया गया है। सरकाघाट भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी संजय ठाकुर ने बताया कि सरकाघाट मंडल भाजपा द्वारा विधानसभा चुनाव 2017 के लिए इस बाबत एक विशेष कमेटी बनाई गई थी। इस कमेटी का काम पार्टी के खिलाफ काम करने वाले पदाधिकारियों पर नजर रखना था। इस कमेटी की रिपोर्ट अब आई है और इसमें दोनों पदाधिकारियों को पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम करने का आरोपी पाया गया है। मंडलाध्यक्ष रूप लाल रतन ने बताया कि इसी रिपोर्ट के बाद दोनों को पार्टी से निकालने का प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर और भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी विरोधी कार्य करने की शिकायत आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App