सलाखों के पीछे धकेला शातिर

By: Nov 16th, 2017 12:10 am

चंबा —  पीओ सैल की टीम ने उदघोषित अपराधी कृष्ण उर्फ  किशो निवासी गांव संदोरा, किलोड़ को चार साल बाद गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया। कृष्ण के खिलाफ अदालती आदेशों की अवमानना को लेकर भरमौर थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 174 ए के तहत एक और मामला भी दर्ज किया गया है। दोपहर बाद कृष्ण को पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने कृष्ण को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार कृष्ण के खिलाफ  अवैध खनन को लेकर अदालत में वर्ष 2013 से मामला चल रहा था। मगर कृष्ण मामले की पेशियां भुगतने अदालत में हाजिर नहीं हो रहा था। कृष्ण की गैरहाजिरी का अदालत ने कड़ा संज्ञान लेते हुए उसे गत माह उद्घोषित अपराधी करार दे दिया। पुलिस का पीओ सैल तभी से कृष्ण की तलाश में जुटा हुआ था। इसी बीच पीओ सैल को कृष्ण के चूड़ी में होने की सूचना मिली। पीओ सैल के मुख्य आरक्षी हमीद मोहम्मद, आरक्षी रविंद्र व नितेंद्र और महिला आरक्षी रीना राय ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए चूड़ी में दबिश देकर कृष्ण को दबोचने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने अदालत से कृष्ण को रिमांड पर ले लिया है। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर चंबा जितेंद्र चौधरी ने उदघोषित अपराधी करार कृष्ण को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App