सांसद अनुराग बोले, भाजपा सरकार लाएगी सुशासन

By: Nov 9th, 2017 12:10 am

हमीरपुर  —  सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा कार्यकाल में भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन प्रदान करने के साथ ही हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित किया जाएगा। पहाड़ी राज्य को विकास के मामले में देश का एक आदर्श राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और माफिया के सफाए के लिए सीएम कार्यालय में होशियार हेल्पलाइन, चोरी, नशे की रोकथाम के लिए मेजर सोमनाथ वाहिनी का गठन करने के अलावा अवैध खनन से निपटने के लिए उच्च स्तरीय ज्वाइंट टास्क फोर्स बनाई जाएगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध पारदर्शिता स्थापित करने के लिए बीजेपी के विधायक सार्वजिनक रूप से अपनी संपत्ति घोषित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने विजन डाक्यूमेंट (घोषणापत्र) को स्वर्णिम हिमाचल दृष्टि पत्र का नाम दिया है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में भी विकास करने के लिए कई योजनाएं लागू की जाएंगी, ताकि देश दुनिया के पर्यटकों को हिमाचल में आकर्षित कर इसे एक आदर्श पर्यटन डेस्टीनेशन बनाया जा सके। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल के सभी मंदिरों को देवभूमि दर्शन सर्किट से जोड़कर निःशुल्क चार धाम यात्रा की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं के कल्याण और सुरक्षा पर मुख्य फोकस करेगी और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिटिया योजना के तहत प्रदेश में महिला पुलिस थाने और हेल्पलाइन स्थापित किए जाएंगे। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पंचायतों में सशक्त स्त्री केंद्र बनाए उन्होंने कहा कि युवाओं तक नौकरियों के अवसर पहुंचाने के लिए सभी जिलों में वार्षिक रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे और सरकारी नौकरियों में  तृतीय श्रेणी व चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्ती में इंटरव्यू प्रथा समाप्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु वाले नागिरकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन और  यात्रा की सुविधा मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App