सोलन में मतदान की सभी तैयारियां पूरी

By: Nov 8th, 2017 12:05 am

सोलन —  जिला निर्वाचन अधिकारी सोलन राकेश कंवर ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2017 के लिए नौ नवंबर को होने वाले मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने आशा जताई कि सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी। राकेश कंवर तथा पुलिस अधीक्षक सोलन मोहित चावला आज यहां चुनाव की तैयारियों के संबंध में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सात नवंबर, की सायं पांच बजे प्रचार अभियान थम जाएगा। मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व न तो लाउड स्पीकर के माध्यम से प्रचार किया जा सकेगा और न ही किसी भी प्रकार की रैली की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज सायं पांच बजे से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में धारा-144 लागू कर दी जाएगी। राकेश कंवर ने कहा कि नौ नवंबर, 2017 को होने वाले मतदान के लिए जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3,75,765 मतदाता हैं। इनमें 1,95,480 पुरुष तथा 1,80,278 महिला एवं सात अन्य मतदाता हैं। 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में कुल 84,987 मतदाता हैं। इनमें 43,331 पुरुष तथा 41,656 महिला मतदाता हैं। 51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 43,015 पुरुष तथा 39,685 महिला मतदाताओं एवं एक अन्य मतदाता के साथ कुल 82,701 मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि 52-दून विधानसभा क्षेत्र में कुल 62,577 मतदाता हैं। इनमें 32,621 पुरुष, 29,955 महिला तथा एक अन्य मतदाता हैं। 53-सोलन (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में 42,479 पुरुष, 38,771 महिला तथा 5 अन्य मतदाताओं के साथ कुल 81,255 मतदाता हैं। 54-कसौली (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में कुल 64,245 मतदाता हैं। इनमें 34,034 पुरुष तथा 30,211 महिला मतदाता हैं। राकेश कंवर ने कहा कि मतदान के लिए कुल 538 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 534 मुख्य तथा चार सहायक मतदान केंद्र हैं। अर्की विधानसभा क्षेत्र में 130, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 100, दून विधानसभा क्षेत्र में 90 मतदान केंद्र हैं। सोलन विधानसभा क्षेत्र में 122 मुख्य तथा दो सहायक मतदान केंद्र जबकि कसौली विधानसभा क्षेत्र में 92 मुख्य तथा दो सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो महिला मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। इन मतदान केंद्रों का पूर्ण प्रबंधन महिलाओं द्वारा किया जाएगा। यहां तैनात पुलिस कर्मी भी महिलाएं ही होंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App