हिमालय पर शोध जरूरी

By: Nov 12th, 2017 12:01 am

धर्मशाला — हिमालय नीति अभियान के निदेशक कुलभूषण उपमन्यू ने केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में शनिवार को आयोजित सम्राट ललितादित्य व्याख्यानमाला में हिमालय से जुड़े कई अहम पहलुओं से छात्रों को अवगत करवाया। उन्होंने हिमालय के सांस्कृतिक अवदान पर चर्चा करते हुए कहा कि अब तक इस दिशा में बहुत कम शोध हुए हैं। हम एक ऐसे दौर में हैं, जब पहचान का संकट बढ़ता जा रहा है। हिमालय पर अधिक से अधिक शोध करके हम पहचान के संकट से उबार सकते हैं। विकास के नाम पर हिमालय का अत्यधिक दोहन करना देश की संस्कृति के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। हिमालय का संदेश भर यही है कि जो संस्कृति पहाड़ को देवात्मा कह सकती है, वह किसी मनुष्य को जाति के नाम पर तिरस्कृत कैसे कर सकती है। हिमालय अपने देश का प्राकृतिक प्रहरी ही नहीं है, सांस्कृतिक दृष्टि से भी  भारत की संस्कृति पर हिमालय की गहरी छाप दिखती है। श्री उपमन्यू ने केंद्रीय विवि  के विद्यार्थियों और शोधार्थियों से इस विषय पर सही दिशा में शोध करने का आह्वान किया। इस मौके पर व्याख्यानमाला के संयोजक डा. जय प्रकाश सिंह, डा. कुलदीप शुक्ला सहित विवि के छात्र एवं शोधार्थी उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App