18 दिसबंर को कांग्रेस मुक्त हो जाएगा हिमाचल

By: Nov 7th, 2017 12:10 am

चंबा —  डलहौजी हलके से भाजपा प्रत्याशी डीएस ठाकुर ने कहा है कि 18 दिसंबर को चुनावी नतीजे घोषित होते ही हिमाचल कांग्रेस मुक्त हो जाएगा। भाजपा के कांग्रेस मुक्त अभियान में डलहौजी हलके की जनता भी आहुति डालने जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस छोड़कर लोगों का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला इसका एक संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावोंं में पूर्ण बहुमत हासिल करके सत्ता संभालते हुए प्रदेश की जनता को कांग्रेस के कुशासन से निजात दिलाएगी। वह सोमवार को बाथरी पंचायत में चुनाव प्रचार अभियान के दौरान आयोजित नुक्कड़ जनसभा में बोल रहे थे। सोमवार को भाजपा प्रत्याशी डीएस ठाकुर ने जियुंता, बनीखेत, पुखरी व पधरोटू पंचायत के अलावा डलहौजी कैंट का भी चुनाव प्रचार अभियान के तहत दौरा कर लोगों से मुलाकात कर वोट मांगे। डीएस ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का हिमाचल में मिशन रिपीट का सपना कतई पूरा नहीं हो पाएगा। कांग्रेस की कारागुजारियों से समाज का हरेक वर्ग आहत है। उन्होंने कहा कि लोग बड़ी बेसब्री से कांग्रेस के सत्ता से बाहर करने के लिए चुनावी नतीजे का इंतजार कर रहे हैं। डीएस ठाकुर ने कहा कि डलहौजी हलके की सीटिंग एमएलए भी लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। एमएलए ने पिछला चुनाव जीतने के बाद लोगों के दुख-दर्द को बांटने और विकास कार्यों को तेजी देने की बजाय संगठन को मजबूती देने के लिए पंजाब-हरियाणा में ज्यादा समय बिताने में दिलचस्पी दिखाई है। मगर, अब चुनावों में खुद को जनता का हितैषी बता रही है। डीएस ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार अब चंद दिनों की मेहमान बनकर रह गई है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस के भ्रामक प्रचार से आगाह रहने का आह्वान भी किया। इस दौरान खडजौता पंचायत की पूर्व प्रधान ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। डीएस ठाकुर ने पूर्व प्रधान का पार्टी में आने पर फूलमालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर डलहौजी भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद महाजन के अलावा कई वरिष्ठ भाजपाई भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App