2019 से मुंबई से सीधी उड़ान

By: Nov 16th, 2017 12:04 am

भारत में सेवा विस्तार की तैयारी में एयर अस्ताना

नई दिल्ली— कजाखस्तान की सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर अस्ताना ने भारत में अपनी सेवाओं के विस्तार के तहत बुधवार को दिल्ली और अस्ताना के बीच उड़ानों की संख्या तीन से बढ़ाकर प्रति सप्ताह पांच करने की घोषणा की और कहा कि वर्ष 2019 से वह मुंबई से भी सीधी उड़ान शुरू करेगी। एयर अस्ताना के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर फोस्टर ने बताया कि भारत से यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर एयरलाइन देश के अन्य शहरों से भी सेवाएं शुरू करने की योजना बना रही है। वर्तमान में एयरलाइन दिल्ली से सप्ताह में तीन उड़ानें भरती है। दिल्ली के बाद कजाखस्तान के लिए सीधी उड़ान वाला दूसरा भारतीय शहर मुंबई होगा। मुंबई से उड़ानें वर्ष 2019 से शुरू की जाएंगी। श्री फोस्टर ने स्वीकार किया कि मुंबई में नया स्लॉट पाना एक बड़ी समस्या होती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि लगातार प्रयास करने से दुनिया के व्यस्ततम हवाई अड्डों पर भी स्लॉट निकल आता है। निकट भविष्य में दिल्ली और कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना के बीच उड़ानों की संख्या प्रति सप्ताह तीन से बढ़ाकर पांच की जाएगी।

भारतीयों को फ्री वीजा देगा कजाखस्तान

नई दिल्ली— कजाखस्तान भारतीय पर्यटकों के लिए तीन दिन के निःशुल्क पारगमन वीजा की सुविधा देने पर विचार कर रहा है, जिससे कजाखस्तान होकर पूर्वी यूरोप के दूसरे देशों को जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। भारत मेंकजाखस्तान के राजदूत बुलात सरसेन्बायेव ने देश की सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर अस्ताना के एक कार्यक्रम में यह बात कही। उनकी सरकार भारतीय पर्यटकों के लिए 72 घंटे के निःशुल्क पारगमन वीजा के प्रस्ताव पर विचार कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App