आनी अस्पताल में बूढ़ी मशीन से एक्स-रे

By: Dec 8th, 2017 12:05 am

आनी – आधुनिक तकनीक उपलब्ध करवा कर इलाज करने के प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग के दावे आनी के सिविल अस्पताल में खोखले साबित हो रहे हैं। आनी के सिविल अस्पताल में 46 वर्ष पुरानी एक्स-रे मशीन से खराब एक्स-रे निकाले जा रहे हैं, जबकि मरीजों को बेहतरीन एक्स-रे निकलवाने के लिए निजी क्लीनिक का रुख करना पड़ता है, जहां मरीजों की जेब को चुना लग रहा है। गौर रहे कि आनी का सिविल अस्पताल न केवल आनी बल्कि आसपास के जिलों के कई गांवों की हजारों आबादी को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने का केंद्र अस्पताल है। जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल आनी की ओर से एक्स-रे मशीन बदलने और अत्याधुनिक तकनीक वाली एक्स-रे मशीन लगाने की डिमांड बहुत पहले भेज दी गई है, लेकिन सीएमओ आफिस कुल्लू की उदासीनता के चलते आनी से एक नहीं बल्कि दो-दो बार रिमाइंडर तक भेजे जा चुके हैं, लेकिन न तो सीएमओ आफिस से कोई जवाब आ रहा है न ही एक्स-रे मशीन खरीदी जा रही है। एक्स-रे बेहतर न होने के कारण  जनता में स्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष पनप गया है। क्षेत्र के राम कृष्ण, प्रवीण, चमन शर्मा, गिरधारी लाल, प्रेम पॉल, विवेक, किशोरी लाल सहित सैकड़ों लोगों का कहना है कि कई अन्य अस्पतालों में लाखों की अत्याधुनिक एक्स-रे मशीनें बिना रेडियोग्राफर या रेडियोलॉजिस्ट के बिना बरसों से धूल फांक रही हैं, लेकिन आनी जैसे केंद्र अस्पताल में अत्याधुनिक मशीन न भिजवाना आनी क्षेत्र के प्रति सीएमओ कुल्लू की नजरअंदाजी और उदासीनता दर्शाता है।  लोगों ने आनी के लिए जल्द से जल्द नई एक्स-रे मशीन भिजवाने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App