कौल की खिलाफत पर 11 नेता सस्पेंड

By: Dec 3rd, 2017 12:05 am

चुनावों के दौरान भितरघात करने पर छह साल के लिए निकाले

पद्धर – विधानसभा चुनाव में द्रंग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कौल सिंह ठाकुर के खिलाफ चुनाव प्रचार करने वाले दर्जन भर कार्यकर्ताओं के विरुद्ध ब्लॉक कांग्रेस द्वारा की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद पार्टी से छह साल के लिए निष्काषित कर दिया गया है। चुनाव में भितरघात और पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते द्रंग ब्लॉक कांग्रेस इंटक अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष शंकर ठाकुर, मंडी जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष भादर सिंह मुगलाना, जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव मनोहर चंद, प्रदेश कांग्रेस सचिव शारदा ठाकुर, द्रंग ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष भूप सिंह ठाकुर, पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत कटौला चैना राम, कमांद पंचायत उपप्रधान मोहम्मद अली, इलाका बदार से हीरा लाल ठाकुर, गोपाल ठाकुर और रोशन लाल ठाकुर को छह साल के लिए निष्काषित किया गया है। उल्लेखनीय है कि गत 23 नवंबर को बिजनी में आयोजित पार्टी बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं की सूची का प्रस्ताव पारित कर जिला कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस को भेजा था। जिस पर पार्टी हाइकमान ने कार्रवाई करते हुए निष्काषित किए गए सदस्यों की सूची जारी कर जिला और ब्लॉक कांग्रेस को भेज दी है। युवा कांग्रेस से निष्काषित पदाधिकारी की सूची युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह को भी भेजी गई है। ब्लॉक कांग्रेस द्रंग के स्थायी सचिव रोशन महंत ने पार्टी से निष्काषित सदस्यों की पुष्टि करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू  ने उपरोक्त सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए छह साल के लिए निष्काषित किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App