क्रिसमस…शिमला में महा जश्न

By: Dec 26th, 2017 12:08 am

रिज और मालरोड जैम पैक, डीजे पर मस्त डांस

शिमला  – क्रिसमस पर हिल्सक्वीन सैलानियों से गुलजार रही। रिज मैदान व मालरोड पर दिन भर सैलानियों की चहल-पहल रही। हालांकि हिल्सक्वीन में इस विंटर सीजन में सैलानियों की व्हाइट क्रिसमस की हसरत पूरी नहीं हो सकी, मगर सैलानियों ने शिमला पहुंचकर सुहावने मौसम में जोश के साथ क्रिसमस मनाया। क्रिसमस को लेकर देश-विदेश से बीते रविवार को ही पर्यटक शिमला पहुंच चुके थे। सोमवार को भी बाहरी राज्यों से काफी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। रिज मैदान व मालरोड पर सुबह 11 बजे से ही सैलानी जुटने आरंभ हो गए थे। दोपहर बाद तो उक्त प्रमुख पर्यटक स्थलों पर तिल धरने लायक जगह नहीं दिखी। सैलानियों के साथ स्थानीय लोग भी उक्त पर्व की सेलिब्रेशन के लिए यहां जुटे दिखे। शिमला के साथ नालदेहरा, कुफरी, नारकंडा में भी भारी संख्या में सैलानी पहुंचे। क्रिसमस पर भारी संख्या में सैलानियों के पहुंचने से होटल जैम पैक हो गए हैं जिससे कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरनाम कुकरेजा ने बताया कि क्रिसमस पर शिमला के होटल पैक रहे।

रिज पर लजीज व्यंजनों का लुत्फ

क्रिसमस पर शिमला पहुंचे सैलानियों ने यहां सुहावने मौसम का लुत्फ उठाया। वहीं सैलानियों ने रिज मैदान पर आयोजित शिमला शीतकालीन महोत्सव में लजीज पकवानों के भी जमकर चटकारे लगाए। वहीं,क्रिसमस के लिए बाहरी राज्यों से काफी संख्या में सैलानी गाडि़यां लेकर शिमला पहुंचे हुए थे। ऐसे में शिमला में वाहनों का दबाव बढ़ने से जगह-जगह जाम लगता रहा जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

व्हाइट क्रिसमस की हसरत अधूरी

हिल्सक्वीन पहुंचे सैलानियों की इस विंटर सीजन में व्हाइट क्रिसमस की हसरत पूरी नहीं हो पाई। हालांकि बीते विंटर सीजन में क्रिसमस पर शिमला में बर्फबारी हुई थी। ऐसे में इस विंटर सीजन में सैलानियों को फिर से बर्फबारी की उम्मीद थी, मगर इस सीजन में सैलानियों को बर्फ के दीदार नहीं हो पाए पर सैलानियों ने जमकर मस्ती कर खूब लुत्फ उठाया।

होटलों में रंगारंग कार्यक्रम, एडवांस बुकिंग

क्रिसमस पर सैलानियों के मनोरंजन के लिए होटलों में विभिन्न तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया। बोन फायर के साथ सैलानियों के लिए डीजे की व्यवस्था की गई थी जिस पर सैलानियों ने जमकर डांस कर जश्न मनाया। क्रिसमस के बाद अब होटलों में नववर्ष के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग चल रही है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरनाम कुकरेजा ने बताया कि शिमला के होटलों में सैलानी नववर्ष के लिए काफी संख्या में एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं।

कड़ाके की ठंड

हिल्सक्वीन में क्रिसमस पर ठंड रही। हालांकि धूप खिलने से दिन के समय मौसम सुहावना बना रहा, मगर न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से शिमला में सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ी। शिमला का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 4.5 डिग्री तक पहुंच गया है जिसमें रविवार के मुकाबले 2.0 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार  31 तक मौसम शुष्क बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App