गुरुमंत्र : आत्मविश्वास यानी सफलता की पहली सीढ़ी…

By: Dec 20th, 2017 12:04 am

बड़े काम करने के लिए आत्मविश्वास पहली सीढ़ी है। आत्मविश्वास सबसे बड़ा दोस्त है। खुद पर यकीन करो और अपनी क्षमताओं पर विश्वास करो। अपनी क्षमताओं पर विश्वास किए बिना आप सफल या खुश नहीं हो सकते। आत्मविश्वास इनसान को एक खास इनसान बना सकता है…

मनुष्य में आज सबसे बड़ी शक्ति और ताकत है आत्मविश्वास। आत्मविश्वास लोगों को एक ऐसी शक्ति देता है, जो इसके बल पर पूरी दुनिया को बदलने का दम रखता है। अगर आप में आत्मविश्वास है तो आप किसी काम को शुरू करने से पहले ही जीत चुके हो। आत्मविश्वास पैसे से अधिक कीमती है। जब आप आत्मविश्वास से भरे होते हैं, तब आप बहुत आनंद उठाते हुए दुनिया में बहुत अद्भुत चीजें कर सकते है ।

आत्मविश्वास पर कहानी

एक बड़े शहर में गरीबदास नाम का व्यक्ति रहता था। नाम के मुताबिक वह बहुत गरीब था, लेकिन दिल का अमीर था। वह धर्म-कर्म और ईश्वर में बहुत विश्वास रखता था। वह सांसारिक और आध्यात्मिक जगत दोनों में इतना आत्मविश्वासी था कि इसी गुण के कारण गरीब होते हुए भी उसका सभी सम्मान करते थे। साथ में एक खासियत यह भी थी कि उसकी छठी इंद्री जाग्रत होने से एकदम से उसकी दिल से निकली बात सही निकलती थी। उसके आत्मविश्वास के अनेक किस्से चर्चा के विषय बने हुए थे। गरीबी की अवस्था में काफी समय बीत गया। एक दिन वह किसी जंगल के पास से गुजर रहा था, तो उसे ऐसा महसूस हुआ कि इस स्थान पर जमीन में काफी सोना दबा है। उसको अपने आप पर बहुत आत्मविश्वास था। वह प्रायः सभी व्यक्तियों को कहता रहता था कि मेरा दिल और मन इतने साफ और विकार रहित हैं कि उनमें भविष्य में होने वाली घटना के दृश्य भी ऐसे प्रकट हो जाते हैं, जैसे उन्हें मैं सचमुच देख रहा हूं। जब गरीबदास का विश्वास दृढ़ हो जाता तो फिर उस कार्य की सफलता में कुछ संदेह भी नहीं रह जाता था। गरीबदास के पास धन नहीं था फिर भी उसने अपने पास जो कुछ भी था, उसको बेचकर एक मित्र से धन की सहायता प्राप्त करके जंगल वाली जमीन खरीद ली और वहां खुदाई प्रारंभ कर दी। दुर्भाग्य से वहां कुछ चांदी के टुकड़े ही मिले । थोडे दिनों बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। मरने से पूर्व उसने अपने उसी मित्र को जमीन उसके नाम की करते हुए एक संदेश लिखा कि मेरी जो बात दिल से निकलती है, वह कभी झूठ नहीं होती। मुझे सोना नहीं मिला इसका मुझे कोई अफसोस नही है, लेकिन अभी भी पूरे विश्वास के साथ यही कहूंगा कि उस स्थान पर सोना अवश्य है। इतना अधिक आत्मविश्वास था गरीबदास का। मृत्यु के कुछ साल बाद उसके मित्र ने जिसको गरीबदास के आत्मविश्वास पर बहुत भरोसा था फिर से उस जगह पर खुदाई का काम शुरू करवाया। काफी गहराई तक खुदाई करने के बाद वहां सोने, चांदी के भंडार मिले। इससे उस मित्र को लाखों रुपए का लाभ हुआ। बाद मे उसने गरीबदास के नाम से एक गरीब बच्चों का स्कूल खुलवाया, जिसमें बच्चों को मुफ्त में शिक्षा दी जाती। बच्चों को गरीबदास के पूरे जीवन के बारे में बताया जाता तथा साथ में उसके आत्मविश्वास की चर्चा करते हुए बच्चों को भी आत्मविश्वासी होने की प्रेरणा दी जाती। बड़े काम करने के लिए आत्मविश्वास पहली सीढ़ी है। आत्मविश्वास सबसे बड़ा दोस्त है। खुद पर यकीन करो और अपनी क्षमताओं पर विश्वास करो। अपनी क्षमताओं पर विश्वास किए बिना आप सफल या खुश नहीं हो सकते। आत्मविश्वास इनसान को एक खास इनसान बना सकता है। दुनिया में बहुत सारे ऐसे लोग हैं, जिन्होंने बहुत सारी नाकामयाबियों के बाद कामयाबी सिर्फ  अपने आत्मविश्वास के बल पर हासिल की है। इसलिए हम सभी को भी आत्मविश्वासी बनना चाहिए । आत्मविश्वासी व्यक्ति जिंदगी में जो भी काम करता है, पूरे विश्वास के साथ बिना किसी शंका के करता है और जीवन में तब तक काम करता रहता है, जब तक कि उसे सफलता न मिल जाए। वह सोचता है कि मैं यह कर सकता हूं । जो आत्मविश्वासी लोग होते हैं वे किसी भी परिस्थिति में निराश या हताश नहीं होते हैं। अगर उन्हें किसी काम में सफलता मिलती है तो वह खुश होते हैं, लेकिन अगर उन्हें असफलता मिलती है तो वे निराश या हताश नहीं होते। ऐसे व्यक्ति हमेशा अटूट विश्वास के साथ काम करते हैं, जब तक कि सफलता न मिल जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App