घाटी में लापता जवानों में से एक नालागढ़ का

By: Dec 14th, 2017 12:06 am

बीबीएन— जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता हुए सेना के पांच जवानों में से एक नालागढ़ उपमंडल के गुल्लरवाला गांव का भी है। गुल्लरवाला निवासी 25 वर्षीय रायफलमैन शिव सिंह 36 राष्ट्रीय रायफल्स (आरआर) का जवान है।  मंगलवार की सुबह बांदीपोरा जिला के गुरेज सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटी नानी पोस्ट पर वह अपने दो साथियों सहित हिमस्खलन की चपेट में आ गया था और तब से लापता है। लापता जवानों को तलाशने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कश्मीर के गुरेज सेक्टर में फारवर्ड पोस्ट पर तैनात गुल्लरवाला निवासी रायफलमैन शिव सिंह मंगलवार की सुबह वहां आए बर्फीले तूफान में अपने अन्य साथियों के साथ लापता हो गया है। सेना के अधिकारियों ने बुधवार को शिव सिंह के लापता होने की सूचना दी और बताया कि सर्च अभियान चल रहा है। परिजन शिव सिंह की सलामती की कामना भगवान से कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App