चंपा देवी ने पकड़वाए भगोड़े

By: Dec 9th, 2017 12:40 am

जंगल में चारा लेने गई सायरी के स्कूल की मिड-डे मील वर्कर ने पहचाना आरोपी

शिमला— कंडा जेल से फरार तीन कैदियों की धर-पकड़ में भले ही पुलिस छाती पीट रही हो, मगर यह भी सच है कि सायरी की चंपा देवी की निशानदेही पर इन तीनों कैदियों को पकड़ने में सफलता मिली है। गुरुवार को ही चंपा देवी, जो कि मिड-डे-मील वर्कर है, पशुओं का चारा लेने के लिए जंगल गई थी। वहां उसने उस कैदी को देखा, जिसकी फोटो वायरल हुई थी। उसने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों को दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया, मगर पुलिस शुक्रवार को ही हरकत में आ सकी, क्योंकि गुरुवार को पुलिस स्थापना दिवस समारोह में व्यस्त थी। दूसरे स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस जंगल में उसे ढूंढने के लिए देरी से पहुंची। हालांकि शुक्रवार को लोगों के सहयोग से पुलिस ने एक कैदी को सायरी से ही पकड़ा, जबकि दो अन्यों को उसी की निशानदेही पर साथ लगते अन्य इलाके से। हालांकि पुलिस की तरफ से दावा यही है कि सूचना मिलने के बाद वे तुरंत सायरी जंगल में इसकी ढूंढ के लिए पहुंच गए थे। जो भी हो तीनों कैदी पकड़ लिए गए हैं, यह बड़ी बात है। इससे हिमाचल पुलिस का हौसला भी बुलंद होगा, वरना कोटखाई मामले के बाद जिस तरह से फजीहत सामने आ रही थी, वह हौंसले को पस्त करने के लिए काफी रही। उल्लेखनीय है कि कैदियों के फरार होने की यह वारदात पांच दिसंबर की रात को पेश आई थी। ये कैदी कंडा जेल के ए-ब्लॉक के बैरक नंबर-चार में रखे गए थे। इस बैरक में कुल 28 अंडर ट्रायल कैदी थे। तीनों नेपाली बलात्कार, हत्या के अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किए गए थे। यही नहीं उन पर कुल्लू, शिमला और किन्नौर की अदालतों में केस चल रहे हैं। जेल परिसर की इस बैरक की सुरक्षा में दो सुरक्षा कर्मी लगाए गए थे। कैदियों की फरार होने का पता छह दिसंबर की सुबह करीब 4ः15 बजे चला, जब सुरक्षा कर्मियों ने बैरक चैक की। यहां से तीन कैदी गायब पाए गए। इन कैदियों के फरार होने की सूचना तत्काल पुलिस थाना बालूगंज को दे दी गई। इसके साथ ही विभाग के उच्चाधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई थी, जिसके बाद पुलिस उनकी खोजबीन में जुटी थी, जिन्हें शुक्रवार को पकड़ने में पुलिस ने सफलता हासिल की।

अब कंडा जेल में कड़ी होगी सुरक्षा

कंडा से तीन कैदियों के भाग जाने की घटना के बाद जेल प्रशासन ने जेल की सुरक्षा कड़ी करने का फैसला लिया है। इसके लिए जल्द ही जेल में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जेल प्रशासन जेल के अंदर 60 से 70 खुफिया कैमरे लगाएगा। ये कैमरे सभी बैरक के बाहर लगेंगे। इसके लिए जेल प्रशासन अंदर जेल में कंट्रोल रूम बनाएगा। इससे इन कैमरों में कैदियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। डीजी सोमेश गोयल ने जेल प्रशासन को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए दो माह का समय दिया है। कंडा जेल में मौजूदा समय करीब 450 कैदी बंद है। इनमें हत्या, रेप और अन्य संगीन वारदातों के सजायाफ्ता और अंडरट्रायल कैदी शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App