चचियां आश्रम में दी दबिश

By: Dec 1st, 2017 12:15 am

राम रहीम के करीबी की तलाश में पालमपुर पहुंची हरियाणा पुलिस

पालमपुर- डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के सहयोगियों की तलाश में जुटी हरियाणा पुलिस ने चचियां स्थित आश्रम में दबिश दी है। हालांकि उनको यहां से खाली हाथ ही लौटना पड़ा है। सूत्रों के अनुसार यह टीम राम रहीम के करीबी आदित्य इंसां की तलाश में यहां आई थी। जानकारी के अनुसार हरियाणा पुलिस की एक टीम बुधवार को चचियां पहुंची थीं। टीम में करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी शामिल थे। सूत्रों के अनुसार यह टीम राम रहीम के करीबी आदित्य इंसां की तलाश में थी। गौर रहे कि पिछले दिनों हुए घटनाक्रम के बाद पंचकूला की अदालत ने आदित्य इंसां का सर्च वारंट जारी किया है। आदित्य इंसां की लंबे समय से तलाश की जा रही है और इसी कड़ी में हरियाणा पुलिस की टीम चचियां पहुंची थी। सूत्रों के अनुसार यह टीम करीब डेढ़ घंटा तक चचियां में डेरा सच्चा सौदा परिसर में रही और वहां पर लोगों से पूछताछ की। गौर रहे कि  राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद से चचियां का परिसर भी चर्चा में आ चुका है। राम रहीम समय-समय पर चचियां आश्रम में आते थे और क्षेत्र मे उनके अनुयायियों की अच्छी-खासी तादाद है। गौर रहे कि गुरमीत राम रहीम की गिरफ्तारी व सजा सुनाए जाने के बाद हुई हिंसा के बाद पुलिस को करीब तीन दर्जन से अधिक लोगों की तलाश थी। इनमें से प्रमुख गिने जा रहे हनीप्रीत और सुरेंद्र धीमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था,लेकिन आदित्य इंसां अभी भी पुलिस को चकमा दे रहा है। इसी सिलसिले में हरियाणा पुलिस चचियां आश्रम तक पहुंची थी, लेकिन यहां भी आदित्य पुलिस को नही मिला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App