चायल में प्रवासी की हत्या

By: Dec 1st, 2017 12:15 am

वर्षाशालिका में मिली लाश; कपड़े फटे, दांत जमीन पर गिरे मिले

कंडाघाट – चायल में एक प्रवासी की हत्या करके शव को वर्षा शालिका के समीप फेंक दिया गया। क्षेत्र में गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने घटना की सूचना कंडाघाट थाना को दी। घटना का पता लगने से पहले कुत्तों ने शव को बुरी तरह से नोच दिया था। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह जब चायल चौकी पुलिस के इंचार्ज एएसआई टीसी नेगी चायल बाजार में गश्त कर रहे थे तो उन्होंने देखा कि चायल के टैक्सी स्टैंड के समीप बनी वर्षाशालिक के बाहर कोई व्यक्ति सड़क पर पड़ा हुआ है। उक्त व्यक्ति का शव खून से लथपथ था। मृतक के मुंह को किसी जानवर द्वारा खाया लिया गया था। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि वर्षाशालिका में खून के निशान पड़े हुए थे। कपड़े  फटे हुए थे, शव के पास कुछ पैसे भी गिरे हुए पाए गए। यहीं नहीं मृतक के दांत भी टूट कर जमीन पर गिरे हुए थे। मृतक  की पहचान मिलिट्री स्कूल चायल में काम करने वाले नथू लाल ने की है। मृतक  का नाम ताला राम मारनडी  था, जो कि बाहरी राज्य बिहार या यूपी या झारखंड  का रहने वाला था,जिसकी आयु करीब  50 साल थी। वह पिछले दो महीनों से नथू लाल के साथ काम कर रहा था, लेकिन  एक सप्ताह पहले  ताला राम काम छोड़ कर सोलन में रहने लगा था।  स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार रात्रि को ताला राम को इस वर्षाशालिका में एक पागल व्यक्ति के साथ देखा गया था। उक्त पागल व्यक्ति भी इसी वर्षाशालिका में रहता था। चायल पंचायत प्रधान महेश कनौजिया व स्थानीय लोगों ने पुलिस को दिए गए बयान में शक जाहिर किया है कि हो सकता है रात को इन दोनों में किसी बात लेकर बोलचाल हो गई हो, जिसके बाद पागल व्यक्ति ने उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया हो।  एसपी सोलन मोहित चावला ने बताया कि पुलिस द्वारा हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।  फिलहाल एक पागल व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App