छुट्टियों की जंग में ड्राइवर भी कूदे

By: Dec 6th, 2017 12:10 am

प्रतिपूरक अवकाश खत्म करने के फैसले के खिलाफ खोला मोर्चा

शिमला — परिवहन निगम में कर्मचारियों के प्रतिपूरक अवकाश समाप्त करने का मामला तूल पकड़ गया है। इस मुद्दे को लेकर मजदूर संघ के बाद अब ड्राइवर यूनियन भी मुखर हो गई है, जिसने प्रबंधन पर कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का आरोप लगा दिया है। गौर हो कि निगम के फैसले से कर्मचारियों के करीब डेढ़ लाख प्रतिपूरक अवकाश समाप्त हो जाएंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम ड्राइवर यूनियन के प्रांतीय प्रधान सत्यप्रकाश शर्मा, चेयरमैन मान सिंह ठाकुर, सचिव कृष्ण लाल शर्मा, महासचिव हेमंत कुमार ने इस मामले में कहा है कि निगम प्रबंधन द्वारा निगम में अघोषित आपातकाल लागू किया गया है, जहां पर न तो फील्ड स्टाफ को प्रतिपूरक अवकाश दिए जा रहे हैं और न ही छुट्टियों का कोई अतिरिक्त भत्ता दिया जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि एचआरटीसी में बंधुआ मजदूरों की तरह कर्मचारियों से कार्य लिया जा रहा है, जिसमें कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश के साथ मासिक अवकाश भी नहीं दिए जा रहे हैं। ऐसे में अब कर्मचारी निगम प्रबंधन के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। राजधानी शिमला के तारादेवी में मंगलवार को हुई बैठक के बाद इन नेताओं ने कहा कि एचआरटीसी प्रबंधक लगातार कर्मचारियों का दमन करने में लगा है और अंग्रेजी राज के कानून निगम कर्मचारियों पर थोपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम में जो भी कर्मचारी प्रबंधन के गलत निर्णय के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे परेशान किया जाता है। उन्होंने कहा कि निगम में मानव अधिकारों का सरेआम उल्लंघन किया जा रहा है। आवाज उठाने वाले कर्मचारियों को या तो प्रताडि़त किया जाता है या फिर उनकी ट्रांसफर कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि यदि निगम में यह अघोषित आपातकाल इसी तरह से लागू रहा तो निगम प्रबंधन के खिलाफ प्रदेश भर में एक बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। सत्यप्रकाश शर्मा ने कहा कि सप्ताहिक अवकाश  प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है और वे हर हाल में इसे लेकर रहेेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App