जगाधरी में हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी

By: Dec 1st, 2017 12:01 am

यमुनानगर – सिविल लाइन जगाधरी में जैन मंदिर के साथ ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2017 के उपलक्ष में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदशर्नियां प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को दर्शाती है और लोगों को प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां प्रदान कर रही हैं। गीता जंयती समारोह स्थल में जिला रेडक्रॉस, पंजाब नेशनल बैंक, शहरी गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन, नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, हैफेड, स्वास्थ्य विभाग, जिला उद्योग केंद्र, वन विभाग, सर्व शिक्षा एवं शिक्षा विभाग, उद्यान विभाग, आयुष विभाष सहित श्री कृष्ण सेवा समिति जगाधरी सहित अनेक विभागों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी लोगों को देने के लिए प्रदर्शनी स्थल में स्टाल लगाए हुए है और विभागों द्वारा बनाए गए उत्पादों को स्टालों में रखा गया है। गीता जंयती समारोह स्थल में अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला मिशन निदेशक यमुनानगर के निर्देशानुसार हरियाणा ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत यमुनानगर महिला स्वयं सहायता समूह गांव कुंजल द्वारा हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र शर्मा ने प्रदर्शनी स्थल में बताया कि हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत वर्ष 2014 में कार्य को शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं का संगठन बनाया जाता है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र शर्मा ने बताया कि जिला के 52 गांवों में 315 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है और 166 स्वयं सहायता समूहों को सरकार की ओर से 16 लाख 60 हजार रुपए की सहायता भी प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 120 स्वयं सहायता समूहों को बैंकों के माध्यम से करोड़ों रुपए की राशि बैंक ऋण के रूप में प्रदान की गई है तथा तीन-तीन महिला ग्राम संगठनों को 15 लाख रुपए की राशि दी गई है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App