देखी है गरीबी-बेरोजगारी की तड़प

By: Dec 27th, 2017 12:20 am

जयराम ठाकुर बोले, विशेष औद्यौगिक पैकेज का होगा प्रयास, स्वरोजगार बढ़ाएंगे

शिमला— प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे जयराम ठाकुर हिमाचल के शायद ऐसे इकलौते नेता हैं, जिन्होंने इतने बड़े पद तक पहुंचने के लिए गरीबी व बेरोजगारी के दंश झेला है। एक आम कार्यकर्ता भी प्रदेश भाजपा से मुख्यमंत्री बन सकता है, जयराम ठाकुर इसकी मिसाल हो सकते हैं। ‘दिव्य हिमाचल’ के साथ विशेष बातचीत में जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में बेरोजगारी दूर करने के लिए ठोस संकल्प चाहिए। समाधान निकालने की आवश्यकता है, इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सरकारी क्षेत्र में कोई भी सरकार ज्यादा रोजगार नहीं दे सकती। स्वरोजगार के लिए बड़े संसाधन जुटाने की जरूरत होगी। इसके लिए बड़े स्तर पर प्रयास होंगे। प्रदेश में उद्योग रफ्तार पकड़ें, इसके जरिए रोजगार के नए साधन उपलब्ध हो सकें, प्रदेश सरकार का यह प्रयास होगा। वह कोशिश करेंगे कि विशेष औद्योगिक पैकेज फिर से प्रदेश को मिल सके। एक अन्य सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि कभी भी उन्होंने मुख्यमंत्री बनने का लक्ष्य अपने जीवन में नहीं रखा था। वह एक साधारण पार्टी वर्कर की तरह सेवाभाव से ही आगे बढ़ते रहे हैं। जब वह चौथी बार विधायक बने थे, तो उन्हें लोग जरूर कहते थे कि अब उन्हें बड़े पद के लिए प्रयास करना चाहिए, मगर उन्होंने ऐसी कोशिशें कभी नहीं कीं। कर्म कर के भगवान पर छोड़ने की उनकी नियति रही है। उन्होंने कहा कि  घर वाले राजनीति में आने के लिए मना करते थे। परिवार की हालत कोई सही नहीं थी। अत्यंत गरीबी में उन्हें या तो कोई काम-धंधा करने की सलाह दी जाती रही, मगर भगवान को शायद कुछ और ही मंजूर था। वह सेवा-भाव के साथ आगे बढ़ते रहे और आज प्रदेश के लोगों के आशीर्वाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश के दिग्गज नेताओं के आशीष से यहां तक पहुंचे हैं। उनका प्रयास होगा कि जिस सेवा-भाव से राजनीति में आए थे, उसी को लेकर वह आगे बढ़ें।

बेरोजगारी भत्ता कोई समाधान नहीं

बेरोजगारी भत्ते पर जयराम ठाकुर का अलग दृष्टिकोण है। उनका कहना है कि बेरोजगारी भत्ता कोई समाधान नहीं, रोजगार उपलब्ध करवाना समाधान है। कांग्रेस ने जो किया यह विशुद्ध राजनीति है।  अपने कार्यकाल के अंतिम बजट सत्र में जो घोषणा की गई, कांग्रेस को उसका नुकसान हुआ। लोगों ने उसे नकार दिया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर बहस होगी। क्या भत्ता देकर बेरोजगारी दूर हो सकती है। यदि ऐसा होता तो कांग्रेस फिर से सत्ता में होती। प्रदेश के युवा ने इसे नकार दिया है। युवा अपने हाथ को काम चाहता है।

फिजूलखर्ची राकेंगे, संसाधान जुटाएंगे

एक सवाल पर उन्होंने कहा कि वह जानते हैं कि उन्हें विरासत में खाली खजाना मिलने जा रहा है। बावजूद इसके वह दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे। फिजूलखर्ची पर लगाम लगाते हुए संसाधन जुटाने की जद्दोजहद होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद होगा। मिलकर आगे बढ़ेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App