नगरोटा शहर ने भी नकारी कांग्रेस

By: Dec 21st, 2017 12:05 am

 नगरोटा बगवां — नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में अढ़ाई दशक के बाद धरती पुत्र के नारे को जीवंत करते हुए लोगों ने भाजपा को कुल 105 मतदान केंद्रों में से 54 केंद्रों में बढ़त दिला कर कांग्रेस के मजबूत किले में सेंध लगाई। पूरे प्रदेश में चली परिवर्तन की बयार के बावजूद यहां भाजपा कांग्रेस के विकास के मॉडल के आगे बाल-बाल बची। कांग्रेस ने भी मुकाबला करते हुए 51 मतदान केंद्रों पर अपना दबदबा कायम रखा, जबकि अंत में एक हजार मतों से पिछड़ने के कारण अपना 20 साला एकछत्र राज खो बैठी। मतगणना के आंकड़ों पर नज़र दौड़ाएं, तो नगरोटा के शहरी क्षेत्र ने भी इस बार कांग्रेस को नकार कर धरती पुत्र में उम्मीद जताई है।  शहरी क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों में पड़े कुल 4510 मतों में से भाजपा ने 2452 मतों पर हाथ साफ किया, जबकि कांग्रेस के हिस्से 1983 मत ही आए। इस दौरान छह दर्जन मत नोटा तथा अन्य के खाते में गए। इस तरह भाजपा यहां से 469 मतों की लीड बनाने में कामयाब रही। उधर, सबसे अधिक मतदान भी नगरोटा के केंद्र 40 में हुआ, जहां कुल 953 मतों से भाजपा ने 554 तथा कांग्रेस ने 388 मत हासिल किए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा 526 वोट मतदान केंद्र 29 ओहल्डी में मिले, जबकि भाजपा नगरोटा के मतदान केंद्र 41 में कांग्रेस के 342 मतों की तुलना में 558 मत लेकर आगे रही । कांग्रेस को सबसे कम 48 वोट मतदान केंद्र 49 कलेड़ में मिले, जहां भाजपा के खाते में 134 गए। दिलचस्प यह है कि विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 14 पठियार में दोनों दलों को एक बराबर 346-346 मत हासिल हुए। इस बार क्षेत्र के 101 मतदान केंद्रों में 547 मतदाताओं ने खुलकर सभी प्रत्याशियों को नकारते हुए नोटा विकल्प का इस्तेमाल किया। केवल चार मतदान केंद्र नगरोटा, टोरू, ब्लोल तथा बालुग्लोआ ही ऐसे केंद्र शेष रहे, जहां नोटा का बटन नहीं दबा। नोटा के खाते में सबसे  अधिक 14-14 मत ठंबा तथा बलधर में पड़े।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App