न्यूजीलैंड से हिमाचली बेटी ने भेजा सलाम

By: Dec 8th, 2017 12:01 am

भुंतर — समंदर के मिशन पर निकली हिमाचली बेटी और पांच अन्य वीरांगनाओं ने गुरुवार को दूर न्यूजीलैंड की धरती से देश के लिए बलिदान देने वाले सैनिकों को सलाम भेजा। देश भर में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के मौके पर मातृभूमि के लिए शहादत देने वाले जांबाजों को याद किया गया। दूसरी ओर न्यूजीलैंड के लिटलटन शहर में टीम तारिणी नाविका ने सेना का हौसला बढ़ाया और संदेश भेजा। टीम के इन भावुक और अहम क्षणों को भारतीय नौ सेना ने अपनी आधिकारिक साइट पर भी साझा किया है। काबिलेगौर है कि प्रदेश के कुल्लू जिला की प्रतिभा जम्वाल टीम नाविका सागर परिक्रमा की सहप्रभारी हैं। सागर के रास्ते दुनिया भर के पांच देशों के 21 हजार समुद्री मील का सफर यह टीम तारिणी सेलिंग बोट के जरिए करने को निकली है। करीब 200 दिनों सफर के तहत पिछले सप्ताह से यह टीम न्यूजीलैंड के लिटलटन शहर में है और दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन शहर के लिए आगामी सफर की तैयारियां अब कर रही है। न्यूजीलैंड में उक्त टीम की वीरांगनाओं के सम्मान में कई कार्यक्रम भी यहां पर आयोजित हुए हैं। जानकारी के अनुसार यह टीम अभियान के दौरान समुद्री प्रदूषण पर अध्ययन करने के अलावा भारतीय मौसम विभाग को सटीक मौसमी भविष्यवाणी के लिए समुद्री तरंगों के आंकड़े भी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि इनसे जुटाए जाने वाले आंकड़ों के बाद मानसून और मौसम की बेहतर भविष्यवाणी संभव हो सकेगी। गुरुवार को न्यूजीलैंड के लिटलटन में मिशन की प्रभारी लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी, सहायक इंचार्ज लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल, लेफ्टिनेट ऐश्वर्य बोडापती, लेफ्टिनेंट पतरापल्ली स्वाथी, लेफ्टिनेंट विजया देवी, लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता ने तिरंगा फहराया और देश के लिए बलिदान करने वाले सैनिकों को याद किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App