पंचकूला में मॉक ड्रिल 21 को

By: Dec 15th, 2017 12:02 am

उपायुक्त गौरी ने लोगों से किया कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान

पंचकूला— जिला पंचकूला में आगामी 21 दिसंबर को प्रातः दस बजे भूकंप आने से संबंधित मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक एक्सरसाइज राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अथोरिटी व हरियाणा सरकार के संयुक्त तत्वावधान में पूरे हरियाणा में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त गौरी पराशर जोशी ने गुरुवार को जिला सचिवालय के सभागार में इस संबंध में अधिकारियों की आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि यह मॉक एक्सरसाइज सभी विभागों, स्कूलों, कालेजों में आयोजित की जाएगी। इसके साथ.साथ जिला प्रशासन द्वारा पांच स्थान मॉक एक्सरसाइज के लिए चयनित किए गए हैं। उन्होंने इस मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की इस दौरान क्या-क्या ड्यूटी होगी, के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में स्टेजिंग एरिया निर्धारित किया गया है। इस स्थान पर समस्त उचित प्रबंधों की दिशा में उपायुक्त ने एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन भी किया है, जिसमें हरियाणा राज्य परिवहन के महाप्रबंधक, नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, फायर अधिकारी, एक्सीअद पीडब्ल्यूडी, डीएफओए अस्सिटेंट सेक्ट्री आरटी, व हूडा के अधिकारी शामिल हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट तौर पर कहा कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान आवश्यक सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। यह सभी सेवाएं रोजमर्रा की तहर जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि 21 दिसंबर को प्रातः दस बजे दस मिनट के लिए बिजली कट होगा। उन्होंने जिला वासियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे मॉक ड्रिल में आवश्यक भाग लें और अपने घरों में ड्रॉप, कवर, होल्ड का अभ्यास करें व अपने अपने घर पर आपदा प्रबंधन किट का निर्माण भी करें। भूकंप में घर से बाहर रहें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App