सरकार के शपथ समारोह में बुलाए 19 मुख्यमंत्री

By: Dec 24th, 2017 12:07 am

भाजपा ने भेजा निमंत्रण, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी-अमित शाह सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्य पहुंचेंगे

शिमला— प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज पर होगा। इसमें भाग लेने के लिए बतौर अतिथि 19 प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी न्योता दिया जा रहा है। शिमला में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में सब तय हो जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ नेता सुरेश भारद्वाज, डा. राजीव बिंदल, प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी व अन्य नेता मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य है कि प्रदेश में ऐसी सरकार बनें, जो 10-15 वर्षों तक शासन करे। उन्होंने जानकारी दी कि इस चुनाव में 36 लाख 79 हजार 655 मतदाताओं में से 18 लाख 46 हजार 432 वोटरों ने भाजपा को मत दिया। 17 में से 13 दलित सीटों पर जीत हासिल की गई। ये सीटें दलित वर्ग के लिए आरक्षित थी। उन्होंने बताया कि 30 वर्षों के इतिहास में पहली बार कांग्रेस से सात फीसदी मत ज्यादा मिले। उन्होंने मीडिया का भी धन्यवाद किया, जिसने पार्टी को सकारात्मक सहयोग दिया। श्री सत्ती ने कहा कि अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित तीन विधानसभा क्षेत्रों में से भाजपा ने भरमौर व लाहुल-स्पीति की दो सीटों पर कब्जा किया, वहीं किन्नौर की सीट मात्र 120 मतों से हार गए। इन विधानसभा चुनावों में पार्टी ने छह महिलाओं को टिकट दिया था, जिनमें से तीन महिलाओं सरवीण चौधरी, इंदौरा से रीता धीमान और भोरंज से कमलेश कुमारी ने जीत हासिल की। उन्होंने बताया कि 12 जिला मुख्यालयों में से आठ ऐसे हैं, जहां व्यापारी वर्ग का बड़ा जमावड़ा है। इन्हीं क्षेत्रों में जीएसटी का कोई असर नहीं दिखा। उन्होंने बताया कि प्रदेश भाजपा को ग्रामीण व शहरी दोनों इलाकों में अच्छी सीटें हासिल हुई। हर वर्ग के मतदाता ने पार्टी कोे सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि लोकसभा में भाजपा को 53.83 फीसदी मत मिले थे, इस बार भाजपा को विधानसभा चुनावों में 48 प्रतिशत मत मिले हैं। सत्ती ने कहा कि यह जीत पार्टी वर्करों व प्रदेश के लोगों की जीत है, जो कांग्रेस की सरकार से तंग आ चुके थे। उनकी अपेक्षाओं पर पार्टी की सरकार खरा उतरे, इसे सुनिश्चित किया जाएगा।

टायर्ड-रिटायर्ड करेंगे आराम

सतपाल सत्ती ने एक सवाल पर कहा कि कांग्रेस सरकार से उल्ट भाजपा सरकार में टायर्ड व रिटायर्ड अफसरों को जगह नहीं मिलेगी। उन्हें घर पर ही रेस्ट करने का पूरा मौका दिया जाएगा। साथ ही सत्ती ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस पर काम करेगी। मीडिया पूरी नजर रखेगा। मीडिया इस बारे में पार्टी को सचेत भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अपने लोग भी गड़बड़झाला न करें, ये सुनिश्चित कर लें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App