सोना महंगा, चांदी सस्ती

By: Dec 14th, 2017 12:02 am

नई दिल्ली — वैश्विक स्तर पर पीली धातु में गिरावट के बीच स्थानीय जेवराती मांग आने से बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 35 रुपए चढ़कर 29435 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। छह दिन की गिरावट के बाद यह सोने की पहली तेजी है। कमजोर औद्योगिक मांग से चांदी लगातार तीसरे दिन लुढ़की है। यह 175 रुपए टूटकर करीब पांच महीने के निचले स्तर 37600 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। विदेशी बाजारों में सोना हाजिर 2.15 डालर की गिरावट में 1241 डालर प्रति औंस पर रहा। हालांकि फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 1.70 डालर की बढ़त में 1243.40 डालर प्रति औंस बोला गया। अमरीका में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना के कारण पीली धातु पर दबाव है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 15.71 डालर प्रति औंस पर स्थिर रही। स्थानीय बाजार में लगातार छह कारोबारी दिवस में 850 रुपए टूटने के बाद सोने में पहली बढ़त दर्ज की गई। सोना स्टैंडर्ड 35 रुपए चमककर 29435 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 29285 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24400 रुपए पर स्थिर रही। चांदी पर कमजोर औद्योगिक मांग का दबाव रहा। चांदी हाजिर 175 रुपए लुढ़ककर 14 जुलाई के बाद के निचले स्तर 37600 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App