अंबाला को करोड़ों की सौगात

By: Jan 5th, 2018 12:02 am

विधायक ने सेक्टर-10 में किया 1.60 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास

अंबाला— भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में हरियाणा एक-हरियाणवी एक उद्देश्य के साथ अढ़ाई करोड़ जनता के लिए कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ विकास कार्यों को करवाने का काम कर रही है। प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्यों की यह गंगा निरंतर बह रही है। यह बात अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल ने गुरुवार को शहर में 1.60 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास करने के उपरांत अपने संबोधन में कही। विधायक का सभी जगहों पर स्थानीय निवासियों ने फूलमालाओं से भव्य अभिनंदन किया। विधायक असीम गोयल ने सबसे पहले अंबाला शहर सेक्टर दस में सामुदायिक भवन के प्रथम तल का शिलान्यास किया। यह भवन 45.79 लाख रुपए की लागत से तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा इसी सैक्टर में सड़कों के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए की राशि के टैंडर किए गए हैं, वहीं सेक्टर दस में 2.44 करोड़ रुपए की लागत से शॉपिंग कांपलेक्स बनाया जाएगा। इसके अलावा तीनो सेक्टरों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे तथा अन्य विकास कार्यों को भी करवाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर दस में लगभग चार करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्यों को करवाने का काम किया जाएगा। इसके उपरांत विधायक ने अंबाला क्लब में 21 लाख रुपए की लागत से बनने वाले मल्टीपरपज हॉल का भी शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि अंबाला शहर में विकास रूपी यह पहिया निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने इस मौके पर चेयरमैन सुनील त्रिखा द्वारा क्लब के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की और कहा कि क्लब द्वारा जो भी कार्य उन्हें बताया जाएगाए वह उनके लिए हमेशा तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि लोगों व सोसायटी के आशीर्वाद से ही वह इस मुकाम तक पंहुचे हैं। विधायक ने इसके बाद प्रेम नगर में 93.57 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले कम्यूनिटी सेंटर का शिलान्यास भी किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App