अग्नि-5 मिसाइल का सफल परीक्षण

By: Jan 19th, 2018 12:02 am

 नई दिल्ली— भारत ने गुरुवार को परमाणु क्षमता से लैस अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया। अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का परीक्षण सुबह लगभग दस बजे ओडिशा तट पर स्थित द्वीप से किया गया। इस मिसाइल के सफल परीक्षण के बाद माना जा रहा है कि इसकी जद में पूरा पाकिस्तान और चीन आ जाएंगे। परमाणु क्षमता वाली अग्नि-5 मिसाइल 5000 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तक वार कर सकती है और इसकी पहुंच चीन के सुदूर उत्तरी क्षेत्रों तक है। अग्नि सीरीज की मिसाइलों को चीन और पाकिस्तान को ध्यान में रखकर जमीन पर मार करने लिए तैयार किया गया है।  इस मिसाइल के साथ ही भारत 5000 से 55000 किलोमीटर की दूरी तक वार करने वाले बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस देशों के ग्रुप में शामिल हो जाएगा। अभी यह क्षमता अमरीका, रूस, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे देशों के ही पास है। इस मिसाइल का परीक्षण इससे पहले अप्रैल 2012, सितंबर 2013, जनवरी 2015 और दिसंबर 2016 में भी किया गया था। अग्नि-5 अग्नि सीरीज की मिसाइलें हैं जिन्हें डीआरडीओ ने विकसित किया है। पृथ्वी और धनुष जैसी कम दूरी तक मारे करने में सक्षम मिसाइलों के अलावा भारत के बेड़े में अग्नि-1, अग्नि-2 और अग्नि-3 मिसाइलें हैं। इन्हें पाक को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। अग्नि-4 और अग्नि-5 मिसाइलों को चीन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

स्पीड ध्वनि की गति से 24 गुना ज्यादा

अग्नि-5 मिसाइल की ऊंचाई 17 मीटर और व्यास दो मीटर है। इसका वजन 50 टन और यह डेढ़ टन तक परमाणु हथियार ढोने में सक्षम है। इसकी स्पीड ध्वनि की गति से 24 गुना ज्यादा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App