आनी को मालामाल कर गए सीएम

By: Jan 28th, 2018 12:05 am

आनी— आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर ने शनिवार को आनी विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश के यशस्वी व तेजस्वी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के शुभअवसर पर आनी क्षेत्र के विकास के लिए जो भी घोषणाएं की हैं, वे अभूतपूर्व हैं और इससे क्षेत्रवासी गदगद हैं। उन्होंने कहा कि सीएम  का आनी विधानसभा क्षेत्र के प्रति विशेष स्नेह और लगाव इस बात से साफ झलकता है कि उन्होंने सरकार का पहला ही राज्य स्तरीय कार्यक्रम इस क्षेत्र में रखा और यहां की कमियों और दिक्कतों को करीब से जानते हुए क्षेत्र विकास को कई तोहफों की सौगात दी है। निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री की इस कृपा से आनी विधानसभा क्षेत्र में विकास , प्रगति और खुशहाली की बहार आएगी। विधायक ने कहा कि 25 जनवरी का यह दिन आनी क्षेत्र के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से आनी को 100 बैड का सुविधायुक्त रैफरल अस्पताल मिलना क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में अभूतपूर्व सुधार होगा। वहीं, जलोडी जोत के नीचे सुरंग बनने से आनी वाह्य सराज क्षेत्र का जिला मुख्यालय कुल्लू से 12 महीने संपर्क बना रहेगा और मध्य की दूरी भी कम होगी। उन्होंने कहा कि लूहरी आनी वाह्य सराज क्षेत्र का प्रवेश द्वार है और दिनभर यहां सैकडों वाहनों की आवाजाही रहती है, मगर यहां अभी तक बस स्टैंड की सुविधा नहीं है। ऐसे में सीएम द्वारा यहां बस स्टैंड के लिए तीन करोड़ की घोषणा करना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस प्रकार आनी के पनेओ को इको टूरीज्म में लाने, आनी में खेल मैदान का निर्माण, बागा सराहन से बशलेओ को सड़क सुविधा से जोड़ने वाली प्रस्तावित सड़क को एमडीआर में डालने तथा आनी को परिहवन निगम के सब-डिपो सहित अन्य कई घोषणाओं से आनीवासियों को गदगद किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App