आनी में जल्द बनेगा प्रेस रूम

By: Jan 27th, 2018 12:07 am

पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों को दिया आश्वासन

आनी – उपमंडल मुख्यालय आनी में जल्द उपमंडल स्तरीय प्रेस रूम का निर्माण होगा। यह बात  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से कही। जयराम ठाकुर गुरुवार को आनी में राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस के समारोह में आनी आए थे। गुरुवार सुबह प्रेस क्लब ऑफ  आनी का एक प्रतिनिधिमंडल प्रेस क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता की अगवाई में मुख्यमंत्री से विश्राम गृह में मिला था, जहां सभी ने मुख्यमंत्री से प्रेस रूम निर्माण को उपलब्ध जमीन पर जल्द उपमंडल स्तरीय प्रेस रूम बनाने की मांग रखी, जिसे सभी संभावनाओं को देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसके जल्द निर्माण की हामी भर दी है। गौर रहे कि आनी में एक प्रेस रूम का निर्माण होना है, जिसके लिए राजस्व विभाग से डीसी कुल्लू ने तरतीमा पर्चा काट कर जमीन प्रेस रूम के निर्माण के लिए पहले ही दे दी है। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ पत्रकार शिवराज शर्मा, छविंद्र शर्मा, हरिकृष्ण शर्मा, चमन शर्मा, स्वरूप ठाकुर और यशपाल ठाकुर सहित सभी पत्रकार मौजूद रहे। प्रेस रूम के शीघ्र निर्माण का समर्थन आनी के विधायक किशोरी लाल सागर और भाजपा मंडल ने भी किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App