इलेक्ट्रिक टैक्सियों के रूट में बदलाव की तैयारी

By: Jan 29th, 2018 12:01 am

शिमला — प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक टैक्सियों के रूटों में बदलाव की तैयारी में है। हालांकि इलेक्ट्रिक टैक्सियों के रूट पूर्व कांग्रेस सरकार के समय ही निर्धारित हो गए थे और इलेक्ट्रिक टैक्सियां प्रदेश पहुंच चुकी थी। मगर अब सरकार इन इलेक्ट्रिक टैक्सियों के रूटों में व्यापक बदलाव की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक टैक्सियों के रूट नए सिरे से निर्धारित किए जा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश की जनता को इलेक्ट्रिक  टैक्सी सेवा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। रूट निर्धारण के बाद ही इन वाहनों के संचालन को हरी झंडी मिलेगी। बताते चलें कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में इलेक्ट्रिक टैक्सियां चलाने के लिए पूर्व सरकार ने 50 वाहन खरीदे थे। इनके संचालन के लिए रूट भी निर्धारित किए गए थे और इनका किराया भी तय कर दिया गया था और वाहन भी प्रदेश पहुंच गए थे। मगर आदर्श आचार संहिता लगने के चलते इनका संचालन नहीं हो सका था। निगम प्रबंधन ने टैक्सियों को चलाने के लिए चुनाव आयोग से अनुमति भी मांगी थी। लेकिन अनुमति नहीं मिल पाई थी। अब प्रदेश में नए रूट तय होने के बाद ही इन वाहनों को हरी झंडी मिलेगी।  बहरहाल अब लोगों कों  इलेक्ट्रिक टैक्सियोंं की सुविधा के लिए और इंतजार करना पडे़गा। लोगों को सुविधा कब मिल पाती है इस पर सबकी निगाहें रहेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App