एक नजर

By: Jan 2nd, 2018 12:02 am

कोस्टारिका में प्लेन क्रैश, 12 की मौत

सान जोस — कोस्टारिका में एक छोटे यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में इस अमरीकी नागरिक और चालक दल के दो स्थानीय सदस्य शामिल हैं। जनसुरक्षा मंत्रालय ने दुर्घटनास्थल के दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे की तस्वीरें और वीडियो जारी किया है। यह हादसा पश्चिमोत्तर कोस्टारिका के गुआनाकास्टा में हुआ है। न्यूयार्क सिटी के उपनगर में रहने वाले एक परिवार ने बताया कि मृतकों में से पांच अमरीकी परिजन छुट्टी पर गए थे।

नाव पलटी; आठ डूबे, 13 लापता

जकार्ता — इंडोनेशिया के कालीमंटन द्वीप में सोमवार को एक नाव के पलटकर डूब जाने से आठ लोगों की मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना से प्रभावित 13 लोग लापता हैं। राष्ट्रीय राहत एजेंसी ने एक बयान में बताया कि दुर्घटनाग्रस्त नाव पर 48 लोग सवार थे। हादसे में आठ लोगों की मृत्यु हो गई और 13 लापता हैं। नाव तानजुंग सेलर से इंडोनेशिया की ओर ताराकान जा रही थी, तभी वह पलटकर डूब गई। नाव के पलटकर डूब जाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

हादसे में मरने वालों में पांच ब्रिटिश

मेलबर्न — आस्ट्रेलिया के सिडनी में जल विमान दुर्घटना में मारे गए छह लोगों में ब्रिटेन के कंपास समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड सूजिंस सहित पांच ब्रिटिश मूल के नागरिक हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जल विमान उड़ान भरने के बीस मिनट बाद ही सिडनी के उत्तर में स्थित उप नगर कोवान के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर 13 मीटर अंदर जलमग्न हो गया था।

लंदन में 1400 गाडि़यां जलकर राख

लंदन — पश्चिमोत्तर ब्रिटेन ने लिवरपूल शहर के एक बहुमंजिले कार पार्किंग में  आग लगने से एक हजार 400 वाहन जल कर राख हो गए हैं। भयंकर धुंए में घिरीं आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। चौदह दमकलों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण इमारत की हालत बेहद खराब हो गई है और आशंका व्यक्त की गई है कि वह कभी भी गिर सकती है।

12 करोड़ की हेरोइन संग दो गिरफ्तार

नई दिल्ली — दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने दो लोगों को गिरफ्तार करके 3.5 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने सोमवार को बताया कि विशेष प्रकोष्ठ ने दो लोगों को न्यू महावीर नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया है। दोनों पंजाब के होशियारपुर के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों के नाम रविशंकर उर्फ रवि अरोड़ा तथा विकास उर्फ भोला हैं। इन लोगों ने दिल्ली में नाइजीरियाई नागरिक से हेरोइन ली थी। बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से करीब 12 करोड़ रुपए आंकी गई है।

ब्रह्मपुत्र बोर्ड के पुनर्गठन को मंजूरी

नई दिल्ली — ब्रह्मपुत्र नदी में बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने के उपाय करने के लिए गठित उच्च अधिकार प्राप्त बोर्ड ने ब्रह्मपुत्र बोर्ड के पुनर्गठन को मंजूरी प्रदान कर दी है। केंद्रीय जल संसाधन और नदी विकास मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में ब्रह्मपुत्र उच्च अधिकार प्राप्त बोर्ड की असम में काजीरंगा के बारगोस में हुई नौवीं बैठक में ब्रह्मपुत्र बोर्ड के पुनर्गठन को मंजूरी दी गई। बैठक में असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल तथा उनके मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ सदस्यों के साथ केंद्र और राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App