जनता दरबार में जहर खाने वाले व्यापारी की मौत

By: Jan 10th, 2018 12:01 am

देहरादून— उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में कीटनाशक खाने वाले ट्रांसपोर्ट व्यापारी प्रकाश पांडे की मंगलवार को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हल्द्वानी निवासी ट्रांसपोर्ट व्यापारी प्रकाश पांडे की मंगलवार को यहां दोपहर में मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनको गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया था। उन्होंने शनिवार (छह जनवरी) को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में चल रहे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के जनता दर्शन कार्यक्रम की दौरान कीटनाशक पदार्थ खा लिया था। उन्होंने जीएसटी और नोटबंदी से अपने कारोबार में हुए घाटे का जिक्र करते हुए मौजूदा प्रदेश सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया था। उनके कीटनाशक पदार्थ खाने की बात पता चलते ही उन्हें मंत्री के सरकारी वाहन से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी यूएस थपलियाल ने बताया कि प्रकाश पांडे के शव का पोस्टमार्टम मैक्स अस्पताल में कराया जाएगा। व्यापारी की मृत्यु की सूचना मिलते ही राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। उधर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हल्द्वानी निवासी ट्रासंपोर्टर प्रकाश पांडे के निधन पर शोक व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App