एक नजर

By: Jan 16th, 2018 12:01 am

मैक्सिको में ट्रक में शवों के टुकड़े

मैक्सिको सिटी — मैक्सिको के वेराक्रूज में एक ट्रक में नौ शवों के टुकड़े मिले। वेराक्रूज के गर्वनर ने यह जानकारी देते हुए कहा कि यह घटना प्रतिद्वंद्वी गिरोह का संघर्ष का परिणाम है। राज्यपाल मिगुएल एंजेल्स यूनेस ने संवाददाता सम्मेलन में शवों में पाए गए टैटू का हवाला देते हुए कहा कि आशंका है कि मारे गए अधिकतर लोग मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के सदस्य हैं। यूनेस ने कहा कि ट्रक मिलने से पहले तेल समृद्ध राज्य की राजधानी जालपा में अधिकारियों को एक अन्य व्यक्ति का शव मिला। ऐसी आशंका है कि भागने की कोशिश के दौरान बंधक बनाने वालों ने उसकी हत्या कर दी।

पेरु के पूर्व राष्ट्रपति अस्पताल में भर्ती

लीमा — पेरु के पूर्व राष्ट्रपति अल्बर्टो फुजीमोरी को दिल की बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। श्री फुजीमोरी की जांच कर रहे डा. अलेजांड्रो अगुइनागा ने कहा कि उनकी जांच करवाई जा रही है, क्योंकि सात दिन के आराम के बाद भी वह पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं। उन्हें अतालता की समस्या है।

श्रीनिवासपुरी में आग से 21 झुलसे

नई दिल्ली — राजधानी दिल्ली के श्रीनिवासपुरी इलाके की एक झुग्गी बस्ती में आग लगने से 21 लोग झुलस गए, जिनमें चार की हालत गंभीर है। दिल्ली अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया श्रीनिवासपुरी की झुग्गी बस्ती में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाडि़यां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि आग रसोई गैस लीक होने की वजह से लगी।

त्रिपोली में संघर्ष, नौ की जान गई

त्रिपोली — लीबिया की राजधानी त्रिपोली में मिटिगा हवाई अड्डे के निकट सशस्त्रबलों के विरोधी गुटों के बीच सोमवार को हुए संघर्ष में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संघर्ष में लगभग 30 लोग घायल भी हुए हैं। इस घटना के बाद मिटिगा हवाई अड्डे से सभी उड़ानें रोक दी गई हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा का निधन

नई दिल्ली — बिहार की राजनीति के कद्दावर नेता रघुनाथ झा का बीमारी के कारण यहां निधन हो गया। श्री झा राम मनोहर अस्पताल में भर्ती थे और रविवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। नौ अगस्त, 1939 को सीतामढ़ी में जन्मे श्री झा 14वीं लोकसभा के सदस्य रहे और केंद्र में भारी उद्योग और सार्वजनिक मंत्री रहे। वह बेतिया से सांसद चुने गए थे और कई बार विधायक भी रहे थे। श्री झा राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव के बेहद करीबी लोगों में से थे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App