कर्मचारियों-पेंशनरों को आठ फीसदी अंतरिम राहत

By: Jan 27th, 2018 12:10 am

48वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिया तोहफा; पहली जनवरी 2016 से मिलेगा लाभ

आनी — मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को कुल्लू जिला के आनी में 48वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय  समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को पहली जनवरी, 2016 से आठ प्रतिशत अंतरिम राहत प्रदान करने की घोषणा की। इस घोषणा से कर्मचारियों को 700 करोड़ रुपए के लाभ प्राप्त होंगे। जयराम ठाकुर ने स्टाफ  के सृजन सहित 50 बिस्तरों के नागरिक अस्पताल आनी को 100 बिस्तरों के अस्पताल में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। उन्होंने सराहन-बथाड़ वाया बाशलियों पास को जिला की मुख्य सड़क घोषित किया। उन्होंने कहा कि इसके शीघ्र निर्माण की संभावना का पता लगाया जाएगा। 40 किलोमीटर लंबी यह सड़क पूरी होने पर निरमंड खंड की 26 ग्राम पंचायतों को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोड़ेगी।  उन्होंने हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह आनी में छह अतिरिक्त कमरों के निर्माण की भी घोषणा की, जिसके लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नित्थर की अस्थायी पुलिस चौकी को स्थायी पुलिस चौकी में परिवर्तित करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने आनी में हिमाचल पथ परिवहन निगम का उप डिपो खोलने, आनी स्टेडियम के लिए 80 लाख रुपए, लुहरी बस अड्डा के लिए तीन करोड़ रुपए, इक्को पर्यटन परियोजना के अंतर्गत पनेऊ विश्राम गृह के लिए 20 लाख रुपए तथा पनेऊ सड़क को चौड़ा करने के लिए 10 लाख रुपए की राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सामाजिक-आर्थिक न्याय सहित सर्वांगीण विकास के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए कृतसंकल्प है।  मुख्यमंत्री ने 25 अनारक्षित हवाई अड्डों और 31 अनारक्षित हेलिपैड को जोड़ने वाली भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी योजना ‘उड़ान’ शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के उपरांत अपने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के साथ पर्वतीय राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी प्रदान करने के बारे में विस्तृत चर्चा की थी और वह हिमाचल प्रदेश को उड़ान योजना में शामिल करने के लिए  नरेंद्र मोदी के आभारी हैं। इस योजना से यात्रा समय में बचत के अलावा निश्चित रूप से पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।

1410 करोड़ से बनेगी जलोड़ी सुरंग

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जलोड़ी दर्रा के नीचे एक सुरंग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं उच्च मार्ग मंत्रालय को छह माह के भीतर 1410 करोड़ रुपए की एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App