कांस्टेबल भर्ती अटकी

By: Jan 16th, 2018 12:01 am

धर्मशाला – हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती की पिछले करीब चार माह से अधर में लटकी हुई है। पिछले वर्ष अक्तूबर माह में घोषित किए गए कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा के परिणाम के बाद अभी तक इसकी आगामी प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सका है। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में हुई इस भर्ती पर चुनाव आचार संहिता के चलते लिखित परीक्षा के बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया पर रोक लग गई थी। जानकारी के अनुसार हिमाचल पुलिस में कांस्टेबल के 1073 पदों पर भर्ती की जानी थी। इसमें 778 पुरुष कांस्टेबल, 100 ड्राइवर तथा 195 महिला कांस्टेबल की भर्ती की जानी थी। पुलिस ने दो अक्तूबर को प्रदेश भर में लिखित परीक्षा का आयोजन करवाया। प्रदेश भर में पुलिस कांस्टेबल की लिखित परीक्षा में करीब 50 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। इस परीक्षा का रिजल्ट 10 अक्तूबर को घोषित किया गया। मैरिट में आए अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना था, लेकिन विधानसभा चुनावों के चलते आचार संहिता लगने पर यह प्रक्रिया बीच में ही रुक गई थी। चुनाव संपन्न होने के बाद भी अभी तक इस पुलिस भर्ती प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सका है। उधर, आईजी नॉर्थ जोन धर्मशाला जेपी सिंह ने बताया कि अभी हैडक्वार्टर से भर्ती की प्रक्रिया के सबंध में कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App