कुल्लू में अनिल शर्मा ने फहराया तिरंगा

By: Jan 28th, 2018 12:05 am

कुल्लू— 69वां गणतंत्र दिवस कुल्लू में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ढालपुर मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बहु-उद्देश्यीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भव्य परेड की सलामी ली। इस परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस के अलावा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स और रोवर्स एंड रेंजर्स की टुकडि़यों ने शानदार मार्चपास्ट किया।  इस अवसर पर समस्त कुल्लूवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि भारत का संविधान सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के विकास एवं उत्थान के समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में एक माह पूर्व सत्ता संभालते ही भारतीय जनता पार्टी के स्वर्णिम हिमाचल दृष्टि पत्र-2017 को सरकार का नीति दस्तावेज बनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार ने आगामी पांच वर्षों में हिमाचल प्रदेश को एक पूर्ण विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। वृद्धजनों की सामाजिक पेंशन के लिए आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया है। कर्मचारियों को जुलाई, 2017 से तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते के अलावा जनवरी, 2016 से आठ प्रतिशत अंतरिम राहत प्रदान की है। आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति का गठन किया गया है। सशस्त्र बल व पूर्व सैनिक कोटे के कर्मचारियों को वित्तीय लाभ प्रदान करके उन्हें बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। अनिल शर्मा ने कहा कि हिमाचल की जलविद्युत उत्पादन क्षमताओं का भरपूर दोहन किया जाएगा और इसके साथ-साथ सौर ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जलाशयों में फ्लोटिंग सोलर पैनल लगाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। राज्य में स्थापित होने वाले सभी उद्योगों, जिनमें पर्यटन, जल विद्युत परियोजनाएं भी शामिल है, इसमें कम से कम 80 प्रतिशत रोजगार हिमाचली युवाओं के लिए सुनिश्चित बनाए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि प्रदेश में स्थापित होने वाले नए उद्योगों को प्रथम पांच वर्षों के लिए शत-प्रतिशत आयकर छूट तथा तत्पश्चात आगामी पांच वर्षों के लिए 50 प्रतिशत छूट प्रदान करने का भी आग्रह किया है। समारोह के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों व संस्थाओं के विद्यार्थियों व लोक कलाकारों ने देशभक्ति के कार्यक्रम पेश किए। ऊर्जा मंत्री ने सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवा खिलाडि़यों और विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाएं प्रदान करने अधिकारियों-कर्मचारियों व स्वयंसेवियों को भी सम्मानित किया। जिला स्तरीय समारोह में विधायक सुरेंद्र शौरी, सुंदर सिंह ठाकुर, जिला परिषद सदस्य धनेश्वरी ठाकुर, डीसी यूनुस, एसपी शालिनी अग्निहोत्री अन्य अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App