कोहरे की चपेट में नालागढ़, ठंड बढ़ी

By: Jan 3rd, 2018 12:07 am

नालागढ़ – बीबीएन के लोग इन दिनों कोहरे और जनवरी की जमा देने वाली ठंड के डबल अटैक की मार झेल रहे हैं। पूरा क्षेत्र कोहरे की चपेट में आ गया है। सोमवार रात्रि से क्षेत्र कोहरे की चपेट में आ गया है, जिससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। अधिकतम व न्यूनतम दोनों तरह के तापमानों में गिरावट आई है। मंगलवार को लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए और गर्म वस्त्रों सहित ठंड से बचने के लिए लोग हीटरों, अंगीठियों, ब्लॉअर आदि का सहारा लेने को विवश हो गए हैं। कोहरे के आवरण के चलते विजिबिलिटी भी कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को भी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। ठंड के इस मौसम में लोग बीमारियों की भी चपेट में आ रहे हैं। मौसम विभाग की मानें, तो आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना नहीं है और बारिश होने पर ही कोहरा छंटेगा। प्रदेश के साथ-साथ बीबीएन क्षेत्र में चल रही शीत लहर से लोग ठंड से जूझ रहे हैं। नौणी विवि के पर्यावरण विज्ञान के विभागाध्यक्ष डा.एसके भारद्वाज ने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम साफ व शुष्क रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जब तक बारिश नहीं होगी तब तक कोहरे का आवरण बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App