गिरिपार में माघी पर्व 11 से

By: Jan 4th, 2018 12:05 am

पांवटा साहिब – जिला सिरमौर में परंपराओं और संस्कृति के धनी गिरिपार क्षेत्र के हाटी हर वर्ष जनवरी माह में मनाए जाने वाले माघी त्योहार की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। क्षेत्र के लोगों ने पर्व के लिए खरीददारी व अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया हैं। पर्व के लिये मांसाहारी ने जहां बकरों की खरीद फरोख्त की है, वहीं शाखाहारी वर्ग घी-शक्कर के इंतजाम कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक गिरिपार क्षेत्र मे माघी त्योहार सदियों से मनाया जाता है। परंपरा के मुताबिक इस पर्व पर बकरा काटा जाता है तथा मां काली के नाम की कढ़ाई चढ़ाई जाती है। बुजुर्गों के मुताबिक मां काली पूरे साल उनकी हर कष्टों से रक्षा करती है। इस पर्व को लेकर क्षेत्र के लोगों मे उत्साह रहता है। जानकारी के मुताबिक यह माघी त्योहार गिरिपार क्षेत्र के तहसील शिलाई, संगड़ाह, राजगढ़, उपतहसील कमरउ, रोनहाट तथा पांवटा तहसील की आंजभोज की पंचायतों समेत उत्तराखंड के जोंसार बाबर और शिमला जिला में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। पर्व के पहले दिन दूर-दूर से नौकरी पेशा लोग परिवार समेत अपने घर आते हैं। पूरा परिवार मिलकर पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाता है तथा मिल-जुलकर इस पर्व को मनाया जाता है। इस बार 11 जनवरी के गुरुवार का दिन आ रहा है जिस कारण कई लोग पहले दिन ही 10 जनवरी को और कईं 12 जनवरी को यह पर्व मनाएंगे। बहरहाल गिरिपार क्षेत्र में माघी पर्व की तैयारियां पूरी हो चूकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App