गोसदन से ठुकराई गाय अपनाई, घर लाए

By: Jan 3rd, 2018 12:05 am

ऊना – ऊना के गोसदनों से धिक्कारी हुई घायल गाय के उपचार का बीड़ा ऊना नगर परिषद के मनोनीत पार्षद विजय आंगरा ने उठाया है। अपने ही दम पर इन्होंने गाय का उपचार पशु चिकित्सकों की देखरेख में शुरू भी करवा दिया है, लेकिन इसमें हैरानी वाली बात यह है कि गोमाता के लिए बनाए गए गोसदनों ने भी इस घायल गाय को लेने से मना कर दिया। अब गोसदन संचालकों द्वारा इसके मना करने के पीछे क्या कारण रहे होंगे, यह वही अच्छी तरह से बता पाएंगे। अगर गोसदन ऐसे ही आवारा गायों को लेने से मना करते रहे तो फिर ऐसे गोसदनों का क्या फायदा। पार्षद विजय आंगरा ने गोसदनों के मना करने से हिम्मत नहीं हारी और स्वयं इस गाय को अपने घर ले आए, जिसका उपचार पशु चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है। लगातार 25 दिनों से पशु चिकित्सकों की टीम रोजाना इनके घर घायल गाय का उपचार करने पहुंचती है। इस आवारा गाय की एक आंख पूरी तरह से खराब हो गई है, जिस पर डा. राकेश भट्टी व पशु विभाग से सुभाष राणा रोजाना पट्टी करने पहुंचते हैं। विजय आंगरा के साथ इस पुनीत कार्य में स्थानीय निवासी जगमोहन सिंह का भी अहम योगदान रहते हैं। गाय के चारे के साथ-साथ इसे ठंड से बचाने के लिए एक अलग से कमरा खाली करवाया।  गाय के चारे के लिए रोजाना बरसीम, हरा व तूड़ी भी अपने पैसों से खर्च कर मंगवाई जा रही है। गाय के उपचार के लिए दवाइयों का सारा खर्च भी यह स्वयं वहन कर रहे हैं। विजय आंगरा का कहना है कि अगर गोसदन आवारा गोमाता को रखने से मना करते रहे तो फिर इन गोसदनों को खोलने का क्या फायदा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App