चोरियों को गढ़ बना बंगाणा

By: Jan 27th, 2018 12:05 am

थानाकलां – उपमंडल बंगाणा में बढ़ रही चोरी की वारदातों से लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं। बंगाणावासी अपने घरों में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और हर समय किसी अप्रिय घटना होने का खतरा उन्हें परेशानी में डाल रहा है। शातिर उपमंडल की पंचायतों को लगातार अपनी निशाना बना रहे हैं और पुलिस मूक दर्शक बनी हुई है। चोर किस समय कितनी पंचायतों में चोरी की वारदातों को बिना किसी डर के अंजाम देकर फुर्र हो जाते हैं, पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगती। बुधवार रात को भी उपमंडल के विभिन्न गांवों में हुई चोरियों के घटनाओं से लोग परेशान हैं। क्षेत्र के गांव बल्ह खोली, बुढवार, छपरोह, छपरोह कलां, थानाकलां, पनेड़, क्यारियां में चोरी की वारदातें होने से दहशत का माहौल बना हुआ है। शातिरों ने कुछ माह पहले बुढवार पंचायत में दो भाइयों के घरों में केवल सिंह और तरसेम के घरों से लाखों के गहने और नकदी ले चोरी की थी। इनका अभी तक कोई सुराग नही लगा है। दूसरी और बल्ह पंचायत के गांव बल्ह खोली में भी गहने और नकदी पर हाथ साफ किया गया। चोरी का शिकार हुए छपरोह गांव के राजिंदर सिंह का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी कि शादी के लिए गहने बनवाए थे, जिन पर चोरों ने हाथ साफ किया है। बुढवार पंचायत प्रधान रजनी बाला, बल्ह पंचायत प्रधान राजेश कुमार, छपरोह प्रधान गौरी देवी, उपप्रधान बलवंत सिंह वर्मा, राम आसरा शर्मा, प्रकश चंद, रोशन लाल, रामेश चंद, केवल सिंह, केशव कुमार, विजय कुमार, दौलत राम बलबीर सिंह ने पुलिस व जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि क्षेत्र के गांवों में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App