जंगल की आग से झुलसी दो महिलाएं

By: Jan 17th, 2018 12:02 am

आनी के गोहाण में पेश आया हादसा, एक आईजीएमसी रैफर

आनी — आनी खंड की दलाश पंचायत के गोहाण गांव में दो महिलाएं जंगल की आग से बुरी तरह झुलस गईं। इनमें से एक की हालत नाजुक  बनी हुई है, जबकि दूसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दलाश में उपचाराधीन है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को दलाश क्षेत्र के गोहाण जंगल में भयंकर आग लगी हुई थी। आग को गांव की तरफ  बढ़ता देख रास्ते से गुजर रहीं दो महिलाओं गीता देवी व नीना देवी ने उसे बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच तेज हवा से आग ने भयंकर रूप ले लिया और इससे पहले कि महिलाएं स्वयं को बचा  पातीं, दोनों चपेट में आ गईं। आग से मायके आई गीता देवी पत्नी नरेश कुमार निवासी गांव ओलवा  बुरी तरह झुलस गई, जबकि नीना देवी पत्नी राजेश निवासी गांव गोहाण धुएं से बेहोश हो गई, लेकिन  आग से उसे ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही गांववासियों ने महिलाओं को तुरंत सीएचसी दलाश पहुंचाया। वहां चिकित्सा अधिकारी डा. प्रवीण ठाकुर व उनके स्टाफ  ने गंभीर रूप से झुलसी गीता देवी को प्राथमिक चिकित्सा के बाद तुरंत आईजीएमसी  रैफर कर दिया, सामान्य रूप से झुलसी नीना देवी दलाश अस्पताल में उपचाराधीन है। डा. प्रवीण कुमार ने बताया कि  गीता देवी करीब 80 प्रतिशत झुलस गई हैं। उन्हें नाजुक हालत के चलते आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है, जबकि नीना देवी 15 से 20 प्रतिशत झुलसी हैं और उपचार के बाद उनकी हालत पहले से काफी बेहतर है।  आनी प्रशासन की ओर से तहसीलदार आनी देवेंद्र नेगी राजस्व कर्मचारियों सहित फौरन ओलवा व दलाश गांव पहुंचे और आगजनी में गंभीर रूप से झुलसी गीता देवी के परिजनों को 10 हजार रुपए तथा सामान्य रूप से झुलसी नीना देवी को पांच हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। वहीं क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए प्रभावित  हर संभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App