तीसा में जुड़ेंगी दो और पंचायतें

By: Jan 19th, 2018 12:07 am

चुराह – विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने कहा कि हिमगिरि और पंजेई पंचायतों को तीसा ब्लॉक के साथ जोड़ा जाएगा। तीसा ब्लॉक के साथ जुड़ जाने के बाद इन दोनों पंचायतों के लोगों को अपना काम करवाने के लिए सलूणी नहीं जाना पड़ेगा। विधानसभा उपाध्यक्ष ने यह बात गुरुवार को हिमगिरि में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही।  इससे पूर्व अपने जनसंपर्क अभियान के तहत सदरुनी और सुखधार में आयोजित कार्यक्रमों में भी शिरकत की। इस मौके पर लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिमगिरि के समूचे क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर और पर्याप्त सुविधाएं जुटाने की दिशा में विशेष कार्य योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से  आह्वान किया कि वे अपनी बेटियों को भी उच्च शिक्षा देने में आगे आएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाती है। हंसराज ने हिमगिरि में कलामंच, खेल मैदान और सार्वजनिक शौचालय के लिए 12 लाख रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हिमगिरि क्षेत्र में बस सेवाओं को बढ़ाया जाएगा। हिमगिरि-चंबा, हिमगिरि-तीसा और हिमगिरि-पठानकोट बस सेवाओं को शुरू करने को लेकर भी उन्होंने भरोसा दिया। हंसराज ने यह भी कहा कि हिमगिरि क्षेत्र की पांच पंचायतों के लिए बैंक सुविधा को लेकर भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। किड़वास में पीने के पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा और क्षेत्र के विकास के मामले में किसी के साथ भी भेदभाव नहीं किया जाएगा और पूरे क्षेत्र का एक समान विकास सुनिश्चित होगा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिमगिरि में विज्ञान विषय की कक्षाएं शुरू करने की मांग पर विधानसभा उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि इस स्कूल में विज्ञान विषय की कक्षाएं शुरू करवाई जाएंगी। विधानसभा उपाध्यक्ष ने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 2100 रुपए की राशि प्रदान करने की भी घोषणा की। इस मौके पर उपमंडलाधिकारी नागरिक हेम चंद वर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण सलूणी मंडल अरुण पठानियां, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण तीसा मंडल हर्ष पुरी, अधिशाषी अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य हेमंत पुरी, अधिशाषी अभियंता बिजली बोर्ड दीपक वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष तारा चंद और जिला परिषद सदस्य ज्ञान चौहान के अलावा विभिन्न विभाग के अधिकारी और पंचायतों की प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App