दो कैदी रिहा होंगे, 461 की सजा कम

By: Jan 25th, 2018 12:05 am

गणतंत्र दिवस पर बेहतर आचरण वाले बंदियों को राज्य सरकार का तोहफा

शिमला— हिमाचल सरकार ने उन कैदियों की सजा कम कर दी है, जिनका आचारण बेहतर रहा है।  सरकार ने ऐसे 463 कैदियों की सजा सात से 45 दिन तक कम करने का ऐलान किया गया है। यही नहीं, सरकार की सजा मुआफी के फैसले का लाभ उठाते हुए दो कैदी गणतंत्र दिवस पर रिहा होंगे। सरकार के इस फैसले के बाद राज्य की विभिन्न जेलों में सजा काट रहे दो कैदी रिहा हो जाएंगे, जबकि 461 कैदियों की सजा कम होगी। नियमों के तहत राज्य सरकार बेहतर आचरण वाले कैदियों की सजा को कम करने का अधिकार रखती है। इसके तहत तीन माह से एक साल तक की सजा काट रहे कैदियों की सजा को सात दिन कम किया जा सकता है, वहीं एक साल से तीन साल तक के कैदियों की सजा को 15 दिन, तीन से पांच साल तक की सजा काट रहे कैदियों की सजा को 21 दिन और पांच से दस साल की सजा काट रहे कैदियों की सजा को 30 दिन और आजीवन कारावास की सजा काट रहे ऐसे कैदियों, जिनको दस साल से अधिक की सजा हुई हो, की सजा 45 दिन कम करने का अधिकार राज्य सरकार रखती है। हिमाचल में राज्य की 12 जेलों में वर्तमान में कुल 922 कैदी सजायाफ्ता हैं। इनमें से 459 कैदियों का आचारण सजा कम करने के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया,वहीं 463 कैदियों के आचरण को सही पाया गया है और इनकी सजा को कम करने का ऐलान किया गया है। इनमें से धर्मशाला और हमीरपुर में सजा काट रहा एक-एक कैदी गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को रिहा कर दिया जाएगा।

इतनों की सजा कम

सेंट्रल जेल कंडा      133

सेंट्रल जेल नाहन      147

धर्मशाला  84

चंबा       10

बिलासपुर 46

हमीरपुर   04

ऊना       03

सोलन     11

कैथू        14

मंडी       07

नूरपुर      02


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App