धर्मशाला में मिड हिमालयन निदेशालय

By: Jan 31st, 2018 12:06 am

मुख्यमंत्री ने की घोषणा; नगरोटा बगवां में विद्युत मंडल, ठारू-पटियालखर के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्र

नगरोटा बगवां— हिमाचल प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में स्रोत निरंतरता तथा जलवायु रोधक वर्षा पोषित कृषि की एकीकृत परियोजना (मिड हिमालयन) का मुख्य परियोजना निदेशालय होगा। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शीतकालीन प्रवास के तीसरे दिन नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के बड़ोह में जनसभा को संबोधित करते हुए इस संबंध में घोषणा की। साथ ही उन्होंने नगरोटा बगवां में विद्युत मंडल, ठारू तथा पटियालखर पंचायतों के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र में एक माह में एक खंड विकास अधिकारी चार बार बैठेगा। सीएम ने वर्तमान में क्रियाशील गोसदन के लिए 20 लाख रुपए की राशि तथा जसाई-रतियाड़ पंचायत में खेल मैदान के स्तरोन्नयन के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि खुंडियां में हिमाचल पथ परिवहन निगम का सब-डिपो खोलने के लिए भविष्य में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने नगरोटा में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाने की बात कही। सीएम ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार के गठन के एक माह के भीतर ही कांग्रेसी नेता अपार विकास की आशा कर रहे हैं। पूर्व उद्योग मंत्री के बयान पर मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि प्रदेश से कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाना सर्वप्रथम व सर्वोपरि विकास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में 32 हजार से अधिक सेवानिवृत्त तथा विस्तार के इच्छुक लोग थे। हालांकि वर्तमान सरकार ने किसी को सेवा विस्तार प्रदान नहीं किया है, लेकिन आवश्यक सेवाओं तथा राजस्व विभाग में कर्मियों की कमी के मद्देनजर सरकार ने पटवारियों तथा कानूनगो को सेवा विस्तार दिया है, जो जुलाई या अगस्त, 2018 नई भर्तियां होने तक अपनी सेवाएं देंगे। यह निर्णय राजस्व कार्यों में लोगों को निरंतर सेवाएं प्रदान करने के लिए लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में डेढ़ वर्ष से 69 राष्ट्रीय राजमार्गों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट लंबित पड़ी रही। वर्तमान सरकार ने 31 मार्च, 2018 तक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट की तैयारी के लिए निविदाओं की प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार सड़कों में गुणात्मक सुधार लाने के लिए ‘सड़क देखभाल नीति’ आरंभ करेगी। टांडा अस्पताल में 2.56 करोड़ रुपए की लागत से 30 बिस्तरों वाला वृद्धाश्रम भी निर्मित किया जाएगा। इसकेसाथ नगरोटा बगवां में तीन करोड़ रुपए की लागत से सराय निर्मित की जाएगी, जिसके लिए निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App