पीडब्ल्यूडी के दो करोड़ गर्क

By: Jan 25th, 2018 12:05 am

मंडी – नए वर्ष की पहली बर्फबारी में मंडी लोक निर्माण विभाग को दो करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। वहीं मंडी जिला में बर्फबारी के कारण बंद हुई 46 सड़कों में से ज्यादातर को प्रशासन ने बहाल करवा दिया है। हालांकि अभी जिला में अभी भी 20 के लगभग सड़कें बंद पड़ी हुई हैं। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि मंडी जिला में 23 जनवरी को हुई बर्फबारी से अनेक क्षेत्र प्रभावित हुए हैं, जिससे जिला की कुल 46 सड़कें बंद हो गई थीं, जिनमें से अधिकतर सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि गोहर की 26 सड़कें प्रभावित हुइर्ं, जिसमें लेह थाच से जंजैहली मार्ग को 23 जनवरी की रात को ही बहाल कर दिया गया है। 12 सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया है  व आठ सड़कों को 25 जनवरी तक बहाल कर दिया जाएगा। शेष छह सड़कों पर यातायात को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि करसोग मंडल की 18 सड़कें प्रभावति हुईं, जिनमें से 13 पर यातायात बहाल कर दिया गया है व शेष पांच सड़कों पर यातायात को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं । मंडी मंडल की दो सड़कें अवरुद्ध हुई थीं, जिनमें से मंडी-कमांद-कटौला सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया हैं और सेगली-पराशर मार्ग पर यातायात को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बर्फबारी से लोक निर्माण विभाग मंडी का 223.30 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के तीन डिपो सुंदरनगर, करसोग तथा मंडी के 11 रूट प्रभावित हुए थे, जो बहाल कर दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App