प्रदेश की 75 सड़कें बंद,100 बस रूट ठप

By: Jan 25th, 2018 12:10 am

शिमला— प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। राज्य में बर्फबारी से 75 सड़कें बंद हो गई, हालांकि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों को खोलने का काम दिन भर चलाया गया। विभाग का दावा है कि शाम तक बंद पड़ी अधिकांश सड़कों को खोलने के प्रयास किए जा रहे थे। वहीं सड़कों के बंद होने से ऊंचाई वाले कई इलाकों का संपर्क प्रदेश के दूसरे हिस्सों से कट गया है। लुहरी-औट राष्ट्रीय राजमार्ग जलोड़ी जोत के पास बर्फ गिरने से बंद पड़ा है।  कालका-शिमला-रामपुर राजमार्ग को नारकंडा के पास हालांकि खोल दिया गया है, लेकिन फिसलन की वजह से इस पर यातयात सुचारू रुप से नहीं चल पा रहा है। वहीं बर्फबारी के बाद प्रदेश में कुछ जगहों पर बसें और अन्य वाहन फंस गए हैं। विभाग ने बर्फबारी वाले इलाकों में तैनात फील्ड कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं।    जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर  तक राज्य में 75 सड़कें विभिन्न हिस्सों में बंद पड़ी थीं। इनमें सबसे अधिक 45 सड़कें लोक निर्माण विभाग के शिमला जोन के तहत बंद हो गई हैं। वहीं मंडी जोन में 17 सड़कें बंद हो गई थीं। इनके अलावा कांगड़ा जोन में भी कुछ सड़कें बंद हो गईं। हालांकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार बंद पड़ी सड़कों को खोलने का काम तेजी से किया जा रहा है। विभाग के अनुसार बंद पड़ी अधिकांश सड़कों को बुधवार शाम तक खोलने के प्रयास किए जा रहे थे।  प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी से अधिकांश दूरदराज इलाके की सड़कें बाधित हुई हैं। वहीं बर्फबारी की वजह से सड़कें बंद होने पर इन कई इलाकें मं  दूध, सब्जियां और अन्य जरूरी सामान की सप्लाई नहीं हो पाई। राज्य में हुए हिमपात के चलते सड़कें बंद होने का सीधा असर परिवहन व्यवस्था पर पड़ा है। कई जगह परिवहन निगम की बसें फंसने की सूचना है। परिवहन निगम के शिमला मंडल में करीब एक दर्जन बसें बर्फ में फंस गई हैं। राज्य में 100 से ज्यादा बस रूट बंद बुधवार तक बंद हो गए हैं, जिनमें परिवहन मंडल शिमला के तहत ही करीब 80 रूट बंद हो गए हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा शिमला के चौपाल, नेरवा, रोहड़ू व रामपुर क्षेत्र में बताए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों को बहाल करने के लिए इन इलाकों में करीब 40 मशीनें लगा रखी हैं । इसके सड़क बहाली के लिए लोक निर्माण विभाग ने कई कर्मचारियों को सड़क बहाली के लिए लगाया है। विभाग का दावा है कि जल्द ही सभी मार्गों को बहाल कर  दिया जाएगा। कुल मिलाकर बर्फबारी से दिक्कतों का दौर जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App