बैजनाथ से लेकर कांगड़ा मंदिर तक मक्खन के घृत मंडल की महक

By: Jan 15th, 2018 12:15 am

ऐतिहासिक शिव मंदिर में पर्व शुरू, सात दिन तक नए रूप में नजर आएंगे भोलेनाथ

बैजनाथ – ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में सात दिवसीय घृत मंडल पर्व रविवार को शुरू हो गया। करीब चार क्विटंल मक्खन से तैयार किए जाने वाले घृत मंडल बनाने का कार्य दोपहर बाद विधिवत पूजा एवं रुद्राभिषेक के साथ पूरे मंत्रोच्चारण से पुजारियों द्वारा किया गया। मंडप रात नौ बजे तक बनकर तैयार हुआ। उसके उपरांत सूखे मेवों व फलों के साथ इसे सुंदर प्रारूप दिया गया। उसके उपरांत भजन-कीर्तन एवं आरती के उपरांत अगले सात दिन तक भोले नाथ इसी रूप में नजर आएंगे। इसी बीच अगले सात दिन तक मंदिर के इस गर्भ गृह में जाना आमजन के लिए निषेध रहेगा, वहीं कोई भी व्यक्ति इस घृत मंडल पर जलाभिषेक नहीं करेगा। 21 जनवरी सुबह आरती के बाद घृत मंडल को उतार कर शिव भक्तों में प्रसाद के रूप में बांटा जाएगा। इसी पर्व पर रविवार पूरा दिन शिव मंदिर में हजारों भक्तों ने भोले नाथ के दर्शन किए, वहीं पूरा दिन यहां युवा मंडल के सदस्यों ने मंदिर में भजन-कीर्तन किया, जो मंडल तैयार किए जाने तक जारी रहा। इस मौके पर बाहरी राज्यों से भी शिव भक्त पहुंचें व कैसे इस घृत मंडल को बनाया जाता है, देखते रहे। कई शिव भक्तों ने पुजारियों से भी घृत मंडल क्यों बनाया जाता है, के बारे में जाना। इसी के साथ लगते महा कालेश्वर मंदिर महाकाल, मुकटेश्वर मंदिर संसाल में भी सात दिवसीय घृत मंडल का निर्माण किया गया। शिव नगरी बैजनाथ में अन्य शिवालयों पर भी घृत मंडल का निर्माण किया गया। कुल मिलाकर अगले सात दिनों तक शिव नगरी बैजनाथ, महा कालेश्वर मंदिर महाकाल व मुकुट नाथ मंदिर संसाल में भक्तिमय वातावरण रहेंगे। प्रतिदिन यहां सैकड़ों लोग दर्शन करने पहुंचेंगे।

मां बज्रेश्वरी देवी का नया रूप सबसे न्यारा

कांगड़ा – संस्कृत के श्लोक और मंत्रो  उच्चारण के बीच रविवार सांय घृत मंडल पर्व माता बज्रेश्वरी देवी में शुरू हो गया है। मां के पुजारियों ने माता की पिंडी पर घी का लेप करना शुरू कर दिया है। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा। इसके साथ ही माता ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में भगवती जागरण में सूफी गायक सुनील शर्मा ने गणेश वंदना के साथ मां की हाजरी लगवाई। इस मौके पर खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मंदिर में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे घृत  मंडल पर्व पर मंदिर परिसर को रंग बिरंगे फूलों से सजाया गया है और पूरे मंदिर बाजार और मेन मार्केट में रंग-बिरंगी रोशनी लगाई गई है। मंदिर में भक्तों का आना तड़के ही शुरू हो गया था।  भक्त नाच गाकर कर मां को रिझाने में लगे हुए थे। मंदिर के पुजारी राम प्रसाद ने बताया कि 20 जनवरी को सुबह मक्खन का लेप उतारा जाएगा और दोपहर बाद दो बजे से भक्तों में बंटना शुरू हो जाएगा। घृत मंडल पर्व को लेकर कांगड़ा जिला से ही नहीं, बल्कि अन्य प्रदेशों से भी भक्त पहुंचे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App