मकर संक्रांति पर आस्था की डुबकी

By: Jan 15th, 2018 12:05 am

 हमीरपुर— जिला भर में लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शनिवार देर रात तक लोगों ने सुंदर मुंदरिए हो, तेरा कौन विचारा.. समेत कई लोहड़ी गीतों के साथ जमकर मस्ती की। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई लोहड़ी के उत्साह में खूब नाचे और खुशहाली की कामना की। लोगों ने अपने घरों में लोहड़ी जलाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रसाद के रूप में रेवड़ी, मूंगफली आदि वितरित किए।  रविवार को मकर संक्रांति पर जिला भर के मंदिरों में खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। लोगों ने सुबह-सवेरे आस्था की डुबकी भी लगाई। मकर संक्रांति पर्व मनाने के लिए लोग सुबह से ही मार्कंडेय और कालेश्वर जैसे तीर्थ स्थलों का रुख करते नजर आए। पंडित केदारनाथ शास्त्री बताते हैं कि स्नान एवं दान के महापर्व मकर संक्रांति की आध्यात्मिक मान्यता के साथ ही पारंपरिक महत्त्व भी है। इस दिन भगवान सूर्य उत्तरायण होते हैं व इस दिन स्नान करने पर बहुत ही पुण्य मिलता है। उन्होंने बताया कि दान-पुण्य व स्नान करने से ग्रहजनित दोष भी दूर होते हैं। उन्होंने बताया कि इस दिन लोगों को उड़द, मूंग, तिल, चावल, गुड़, खटाई, कपास, सरसों आदि दान करने चाहिए। इसके साथ ही खिचड़ी बनाकर असहाय व जरूरतमंदों को बांटनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App