महिला मंडलों ने मचाया धमाल

By: Jan 27th, 2018 12:05 am

पतलीकूहल – हिमाचल दिवस पर आशियां ग्रुप पतलीकूहल द्वारा आयोजित महिला मंडलों की नाटी व समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 80 महिला मंडलों ने अपनी प्रवृष्टियां सुनिश्चित कीं। दो दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का आगाज हिमाचल-हिमाचल से किया गया, जिसमें पहले दिन 40 महिला मंडलों ने अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा फहराने से शुरू की गई। इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में आनरेरी सूबेदार मेजर रामलाल शर्मा व  सेवानिवृत्त हवलदार सात डोगरा रेजिमेंट जगतराम ने शिरकत की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के प्रधान विजय ठाकुर ने भी विशेष रूप से हिमाचल दिवस  पर अपनी उपस्थिति दर्ज की। महिलाओं की इस प्रतियोगिता के लिए निर्णायक दल में कुल्लू के सुविख्यात लोक गायक धर्मेंद्र शर्मा, मनोहर लाल ठाकुर व इशरी शर्मा को कार्यभार सौंपा गया। महिलाओं की इस प्रतियोगिता में महिलाओं ने बेहद रुचि दिखाई। दो दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में आशियां गु्रप के अध्यक्ष संजय अंगरूप, सचिव रविंद्र कारवां व संस्था के संस्थापक सदस्य मोहन कपूर पिछले दो दशकों से इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं। अध्यक्ष संजय अंगरूप ने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं को ऐसे अवसर पर अपनी प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिलता है और वे गौरवान्वित होती हैं। उन्होंने कहा कि संस्था महिलाओं के उत्थान के लिए कला व संस्कृति को सजग रखने का प्रयास करती है, ताकि लोग अपनी संस्कृति से विमुख न हों। गणतंत्र दिवस पर मनाली होटलियर एसोसिएशन के चीफ पेटर्न देवेंद्र नेगी तिरंगा फहराएंगे। गणतंत्र दिवस पर भी 40 महिला मंडल अपनी प्रस्तुति देंगे। संस्था के संस्थापक सदस्य मोहन कपूर ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर कबड्डी चैपिंयन कविता ठाकुर को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भाषा एवं कला संस्कृति विभाग कुल्लू भी महिलाओं को सम्मानित करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App