यूरोप जाएगा किक बॉक्सर पर्व

By: Jan 31st, 2018 12:05 am

वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेगा अकादमी ऑफ  मार्शल आर्ट का खिलाड़ी

कुल्लू  – अकादमी ऑफ  मार्शल आर्ट के खिलाड़ी पर्व पठानिया किक बाक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए यूरोप जाएंगे। यह जानकारी अकादमी ऑफ  मार्शल आर्ट  के अध्यक्ष व कोच रणवीर ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि इसी साल अप्रैल माह में यूरोप में होने वाली किक बाक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में उनकी अकादमी का खिलाड़ी पर्व पठानिया हिस्सा लेने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है। बता दें कि भुंतर के साथ लगते गांव कुटिया आगे के वीरेंद्र पठानिया व माता प्रोमिला पठानिया के घर वर्ष 1998 में जन्मे पर्व पठानिया ने छह साल की उम्र में अकादमी ऑफ  मार्शल आर्ट में दाखिला लिया था और उसके बाद वह लगातार अपने खेल में पारंगत होता गया। जिसे निखारने में अकादमी के अध्यक्ष व कोच रणवीर ठाकुर ने भी कड़ी मेहनत की। उसी का नतीजा है कि पर्व पठानिया ने राष्ट्रीय स्तर पर किक बाक्सिंग प्रतियोगिताओं में अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार छह स्वर्ण पदक जीते हैं। हाल ही में दिल्ली में हुई राष्ट्रीय किक बाक्सिंग फैडरेशन कप प्रतियोगिता छठे स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इसके अलावा वह बाक्सिंग में महाराष्ट्र के अकोला में हुई राष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में रजत तथा दिल्ली में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत चुका है। पर्व पठानिया एशियन कप में भी कांस्य पदक जीत कर जिला, प्रदेश व देश का नाम ऊंचा कर चुका है। रणवीर ठाकुर की माने तो पर्व पठानिया अभी तक किक बाक्सिंग व बाक्सिंग की विभिन्न स्तरों पर हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में 44 पदक जीत कर अपनी खेल प्रतिभा के झंडे गाड़ चुका है। जबकि पेशे से किसान पर्व पठानिया के पिता वीरेंद्र पठानिया व माता प्रोमिला पठानिया बताते हैं कि उनका बेटा खेल के प्रति पूरी तरह से समर्पित है और वह इसमें अपना भरपूर समय देता है। वीरेंद्र पठानिया कहते हैं कि वह अपने बेटे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल खिलाड़ी के रूप में देखना चाहते हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App