अभिनेता के बाद निर्देशक बने रणधीर

By: Feb 11th, 2018 12:09 am

रणधीर कपूर की पहली फिल्म ‘कल आज और कल’ के साथ वह सिनेमा में दिखाई दिए और यह फिल्म सुपर हिट गई। इस फिल्म में कपूर परिवार की तीन पीढि़यां, जैसे दादा पृथ्वीराज कपूर, पिता राज कपूर और रणधीर कपूर सहित उपस्थित थीं…

रणधीर कपूर बॉलीवुड के एक अभिनेता हैं और अपने पिता राज कपूर द्वारा स्थापित आरके स्टूडियो के प्रमुख (मालिक) हैं। इनका जन्म 15 फरवरी, 1947 ई. को महाराष्ट्र के बांबे (अब मुंबई) शहर में हुआ था। वह बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राज कपूर और कृष्णा कपूर के सबसे बड़े बेटे हैं। सन् 1972 ई. में इन्होंने उस समय की प्रसिद्ध अभिनेत्री बबिता से शादी कर ली और इनकी दो बेटियां करीना कपूर और करिश्मा कपूर हैं। इनकी दोनों बेटियां बॉलीवुड में अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। एक तनावपूर्ण रिश्ते के कारण रणधीर कपूर और बबिता दोनों एक दूसरे से अलग हो गए। सन् 1971 ई. में रणधीर कपूर की पहली फिल्म ‘कल आज और कल’ के साथ वह पर्दे पर दिखाई दिए और यह फिल्म सुपर हिट गई। इस फिल्म में कपूर परिवार की तीन पीढि़यां, जैसे दादा पृथ्वीराज कपूर, पिता राज कपूर और रणधीर कपूर सहित उपस्थित थीं।  इस फिल्म के बाद निर्देशक मनमोहन देसाई द्वारा निर्मित रामपुर का लक्ष्मण, जिसमें शत्रुघ्न सिन्हा और रेखा शामिल थे एवं जया बच्चन के साथ जवानी दिवानी, दोनों फिल्में सुपरहिट रहीं। रणधीर कपूर की कुछ अन्य प्रसिद्ध फिल्मों में मामा भानजा, चाचा भतीजा, खलीफा, हाथ की सफाई, कसमें वादे, बीवी ओ बीवी और पुकार शामिल हैं। एक अभिनेता के रूप में वह सामान्य तरीके से सफल रहे। रणधीर कपूर ने खजाना फिल्म के बाद 15 सालों तक फिल्मों में काम करना बंद कर दिया और फिल्मों के निर्माण एवं निर्देशन के कार्यों में स्वयं को व्यस्त कर लिया। सन् 1999 ई. में फिल्म मदर के साथ वापसी की। इसके बाद 2003 में फिल्म अरमान में काम करने के बाद इन्होंने फिर कभी फिल्मों में कार्य नहीं किया। रणधीर कपूर ने सन् 1975 ई. में धर्म कर्म जैसी फिल्म का निर्देशन किया, लेकिन यह नाकाम रही। सन् 1991 ई. में फिल्म हिना का निर्देशन इनके द्वारा किया गया, जो की सुपर हिट गई, इस फिल्म में अभिनेता ऋषि कपूर और पाकिस्तानी अभिनेत्री जेबा बख्तियार ने भूमिका निभाई थी और सन् 1985 ई. में उन्होंने फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ का नर्माण किया, जिसने बॉक्स आफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार भी जीता।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App